मुनिकीरेती नगर पालिका के अंतर्गत खारास्रोत में शॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का निरीक्षण करते डीएम टिहरी इंदुधर बौड़ाई
- फोटो : amar ujala.
टिहरी के जिलाधिकारी इंदुधर बौड़ाई ने बुधवार को नगर पालिका मुनिकीरेती क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निकाय क्षेत्र में किए गए शॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट योजना के साथ ही गंगा घाटों, आस्थापथ आदि का निरीक्षण किया।
इस दौरान पालिका प्रशासन की ओर से क्षेत्र में सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित गोवंश के लिए प्रशासन से खारास्रोत में 30 नाली भूमि देने की मांग की। जिस पर डीएम ने पालिका को गोसदन के लिए प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
डीएम इंदुधर बौड़ाई बुधवार को मुनिकीरेती निकाय के अंतर्गत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत खारास्रोत में बनाए गए शॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का निरीक्षण किया। साथ ही आस्थापथ और गंगा तटों पर व्यवस्थाएं भी देखीं।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट ने बताया कि खारास्रोत में निराश्रित पशुओं के लिए गोसदन बनाने को भूमि की मांग की गई, जिस पर डीएम ने प्रस्ताव जल्द तैयार करने को कहा है। इस अवसर पर नरेंद्रनगर के उपजिलाधिकारी लक्ष्मीराज चौहान, नगर पालिकाध्यक्ष शिवमूर्ति कंडवाल, शांतात्मानंद महाराज, सफाई निरीक्षक आदेश कुमार, अनुराधा गोयल, दीपक आदि मौजूद थे।