ऋषिकेश। राजाजी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत गौहरी रेंज में भूतनाथ मंदिर से करीब दो किमी दूर जंगल में एक विदेशी का शव पेड़ से लटका मिला। वनकर्मियों ने इसकी सूचना थाना लक्ष्मणझूला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना लक्ष्मणझूला पुलिस और अभिसूचना इकाई ने स्थानीय लोगों की मदद से विदेशी पर्यटक के शव को पेड़ से नीचे उतारा। पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
थाना लक्ष्मणझूला के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद उनियाल ने बताया कि उन्हें गौहरी रेंज के वनकर्मियों ने सूचना दी कि जंगल में एक विदेशी का शव पेड़ से लटका हुआ है। थाना पुलिस ने विदेशी की पहचान एंड्रयू वेरेजिन, निवासी रूस के रूप में की है। छानबीन के बाद पता चला कि विदेशी बीते जनवरी तक कृष्णाकुंज गेस्ट हाउस लक्ष्मणझूला में रह रहा था। नौ जनवरी को वह वहां से अचानक गायब हो गया। गेस्ट हाउस स्वामी ने विदेशी पर्यटक की गुमशुदगी की सूचना थाना लक्ष्मणझूला में दर्ज कराई थी। गेस्ट हाउस संचालक ने ही मृतक विदेशी की पहचान की है। थाना पुलिस ने बताया कि दूतावास को इसकी सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।