ट्रेन में जहरखुरान ने एक यात्री को नशीला पदार्थ मिली चाय पिलाकर नकदी और सामान लूट लिया। बेसुध हालत में यात्री को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सफर के दौरान पीड़ित की बहन भी साथ थी, उसने चाय नहीं पी। दिलमोहन भट्ट (62) पुत्र विशम्बर भट्ट निवासी सिलवाल गांव, माजफ, टिहरी गढ़वाल सप्ताहभर पहले बहन से मिलने मंडी गोविंदगढ़, पंजाब गए थे।
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार देर शाम पंजाब से ट्रेन में सवार होकर बहन गंगोत्री के साथ गांव के लिए आ रहे थे। देर रात ट्रेन सहारनपुर पहुंची। सहारनपुर से ये लोग ऋषिकेश के लिए दिल्ली पैसेंजर में सवार हुए। पीड़ित की बहन ने बताया कि हरिद्वार स्टेशन में पैसेंजर रुकी और एक सहयात्री तीन कप चाय लेकर आया। चाय पीने का आग्रह करने लगा।
मैंने इनकार कर दिया लेकिन भाई ने चाय पी ली। ट्रेन आगे बढ़ी तो उन्हें भी नींद आ गई। ऋषिकेश स्टेशन पहुंचने पर भाई को उठाया तो वह बेहोश मिले। सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। होश आने पर पीड़ित ने बताया कि पांच सौ रुपये और सामान गायब है। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी है।