कोतवाली में उस वक्त पुलिस के हाथ पांव फूल गए जब पालिका सभासद के पति ने शरीर पर डीजल उड़ेलकर आत्मदाह का प्रयास किया। गनीमत रही कि जैसे ही उसने आग जलाने के लिए माचिस निकाली मौके पर मौजूद लोगों ने माचिस छीन ली और बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाया।
गहमागहमी के बीच पुलिस ने सभासद के परिजनों से मारपीट के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले को लेकर कोतवाली में 11 बजे से लेकर दोपहर दो बजे हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। एहतियातन महिला सभासद और गिरफ्तार आरोपी के घर पुलिस तैनात कर दी गई है।
सोमवार को पालिका सभासद प्रमिता के परिजन समर्थकों के साथ कोतवाली पहुंचे और आरोपियाें को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे। इस बीच एक नामजद आरोपी को कोतवाली में घूमते देख सभासद पति विकास बिफर पड़े। पुलिस पर आरोपी को शह देने का आरोप लगाते हुए उन्होंने शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेल कर आत्मदाह करने लगे।
हालांकि, मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर उन्हें आत्मघाती कदम उठाने से रोक लिया। हंगामा होने पर पुलिस ने मौके की नजाकत को भांपते हुए मारपीट के एक आरोपी करण निवासी नई जाटव बस्ती को गिरफ्तार कर किसी तरह मामले को शांत कराया।
महिला ने भी उठाया आत्मघाती कदम
पति की गिरफ्तारी से क्षुब्ध पत्नी प्रेमवती ने भी कोतवाली में गहमागहमी के बीच ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश की। परिजनों ने हस्तक्षेप कर किसी तरह उसे ऐसा करने से रोका। रोती बिलखती महिला ने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव बनाकर क्षेत्रीय सभासद और परिजन उसके पति को बेवजह फंसा रहे हैं।
सभासदों ने खोला मोर्चा
क्षेत्रीय सभासद के परिजनों से हुई मारपीट के मामले में लामबंद हुए पालिका सभासदों ने भी सोमवार को पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कोतवाली पहुंचे सभासदाें ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए और धरने पर बैठ गए। एक स्वर में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग करने लगे।
पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह टस से मस नहीं हुए। धरने पर सभासद मनीष शर्मा, विकास तेवतिया, हरीश तिवाड़ी, मधु मिश्रा, कविता शाह, राजकुमारी जुगरान, विजयलक्ष्मी भट्ट, राधा रमोला, सुमित पंवार, भाजपा पूर्व मंडलाध्यक्ष कपिल गुप्ता, राकेश पारछा आदि बैठे।
क्या था मामला
बीते शुक्रवार देर रात बाबा सदानंद मार्ग स्थित नई जाटव बस्ती में घर के बाहर खड़ी बाइक में अचानक आग लग गई थी। बाइक स्वामी करण ने पड़ोसी क्षेत्रीय सभासद के परिजनों पर बाइक को आग लगाने का आरोप लगाते हुए उनके घर पर पथराव किया और मारपीट की। हमले में सभासद के परिवार के तीन लोग गंभीर घायल हो गए थे।
पीड़ित परिवार ने पुलिस को तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में करण उसकी पत्नी प्रेमवती, पुत्र सोनू, मोनू, आकाश सहित किरण पत्नी अमर सिंह, अर्जुन, दीपक, सुभाष, सुरेंद्र पुत्र अमर सिंह निवासी नई जाटव बस्ती पर केस दर्ज किया था। लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, जिससे सोमवार को पीड़ित परिजन भड़क गए।
सोमवार को मारपीट के एक आरोपी करण निवासी नई जाटव बस्ती को गिरफ्तार कर लिया है। विवेचना पूरी होने के बाद अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस राजनीतिक दबाव में काम नहीं करती है।-गजेंद्र बहुगुणा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक