ब्यूरो/अमर उजाला, रायवाला। रायवाला थाना क्षेत्र के खरोला प्लाट खांडगांव में चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। चोरी की एक घटना में चोरों ने मकान मालिक को कमरे में बंद करके गहनों पर हाथ साफ कर लिया जबकि दूसरी घटना में चोर घर का ताला तोड़कर नकदी चोरी करके फरार हो गए है। चोरी की घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक खरोला प्लाट की गली नबंर 5 निवासी रिटायर्ड पुलिसकर्मी श्रीविलास बड़ोला सुबह के समय जब उठे तो उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।
उन्होंने दरवाजा खुलवाने के लिए पड़ोसियों को आवाज लगाई। कमरे से बाहर आने के बाद उन्होंने देखा कि आलमारी खुली हुई थी। उसमें रखेे करीब पांच लाख कीमत के गहने गायब थे। इधर-उधर बिखरे पड़े समान को देखकर उनके होश उड़ गए। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। श्रीविलास बड़ोला के मुताबिक वे घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी कोटद्वार और उनके बेटे-बहू देहरादून में थे। चोर उनके पिछले आंगन की ओर लगे दरवाजे की जाली काटकर घर में दाखिल हुए।
इसके बाद चोरों ने गली नबंर-8 में सुरेंद्र रावत के घर भी धावा बोला। उनके घर के दरवाजे का ताला तोड़ कर सामान और नकदी चुराकर ले गए। इस दौरान सुरेंद्र एक शादी समारोह में शामिल होने पौड़ी गए थे। उनकी बेटी पड़ोसी के यहां रह रही थी। बेटी जब अपने घर कपड़े लेने आई तो घटना का पता चला। इसकी सूचना उन्होंने स्थानीय पुलिस को दी गई। इस मामले में एसआई प्रेम सिंह नेगी ने बताया कि चोरों को पकड़ने के लिए टीम गठित की गई है। जल्द चोरों को पकड़ लिया जाएगा।