ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
तीर्थनगरी के हरिद्वार रोड पर सैलून चलाने वाले समुदाय विशेष के युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर एक युवती से दुष्कर्म किया। आरोपी युवक ने दुष्कर्म का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद आरोपी शादी के लिए युवती पर दबाव बनाने लगा। युवती के इनकार करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस मामले में युवती की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
तहरीर के अनुसार युवती काम की तलाश में हरिद्वार रोड स्थित एक सैलून में गई थी। बातचीत के दौरान सैलून संचालक चांद नवाब उर्फ सोहेब अहमद ने उसे कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया। इससे वह बेसुध हो गई। इसके बाद आरोपी चांद नवाब ने युवती के साथ दुष्कर्म किया और वीडियो भी बना लिया। अब आरोपी चांद युवती पर शादी का दबाव बना रहा है और वीडियो वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। युवती के अनुसार आरोपी युवक ने कई और युवतियों के साथ भी इस तरह की हरकत की है। कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि आरोपी चांद नवाब उर्फ सोहेब अहमद निवासी बढ़ापुर, बिजनौर उत्तर प्रदेश के खिलाफ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, धमकी देने का मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी चांद फरार है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदू संगठन के लोग भड़के, कोतवाल को घेरा
युवती के साथ दुष्कर्म की घटना की जानकारी होने पर क्षेत्र के हिंदू संगठनों के लोग भड़क गए और कोतवाल रितेश शाह का घेराव करते हुए आरोपी युवक की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। संजीव चौहान और पार्षद राजेंद्र प्रेम सिंह बिष्ट ने कहा कि बाहरी लोग क्षेत्र में पहचान छिपाकर रह रहे हैं। ऐसे में बाहरी लोगों के खिलाफ सत्यापन अभियान चलाया जाए और आपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। कोतवाल के आश्वासन पर लोग शांत हुआ।