ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश
पौराणिक नीलकंठ महादेव मंदिर से दर्शन कर लौट रही 45 श्रद्धालुओं की बस ब्रेक फेल होने के कारण पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस सवार एक युवक को मामूली चोटें आई हैं। जख्मी को पुलिस ने राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी छुट्टी दे दी।
ढालवाला चौकी इंचार्ज विनोद शर्मा ने बताया कि सुबह करीब सात बजे श्रद्धालुओं से भरी बस यूपी55टी-1294 भजनगढ़ की ओर आ रही थी। ढलान पर बस ड्राइवर अखिलेख पुत्र श्रीकांत ने ब्रेक लगाने चाहे, लेकिन ब्रेक नहीं लगे। दूसरी दिशा से आ रहे एक टैंकर को बचाने के चक्कर में ड्राइवर ने बस रोड किनारे बनी सीमेंट की रेलिंग पर टकरा दी। बस रेलिंग को तोड़ते हुए पेड़ से जा टकराई। इसमें बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुघर्टना में 18 वर्षीय युवक सरोज पुत्र विजय सिंह निवासी नगला सबल, एटा उत्तर प्रदेश को मामूली चोट आई। युवक को राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार देकर युवक की छुुट्टी दे दी गई। चौकी इंचार्ज ने बताया कि सभी यात्रियों को अन्य बस के माध्यम से बस अड्डा भेजा गया। बस सवार सभी लोग एटा उत्तर प्रदेश के हैं। वहीं, बस को क्रेन की मदद से सड़क किनारे लाया गया।