अंतरराष्ट्रीय पॉलिथीन थैला मुक्त दिवस (तीन जुलाई) के एक दिन बाद नगर निगम को सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध की याद आई और टीम ने दो किलो पॉलिथीन जब्त की। साथ ही तीन हजार रुपये जुर्माना भी वसूला। उधर, नगर पालिका मुनिकीरेती में भी तीन दुकानदारों का चालान कर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलिथीन को लेकर नगर निगम ऋषिकेश की कार्रवाई रस्म अदायगी बनकर रह गई है। शुक्रवार को एक व्यक्ति के पास पॉलिथीन पकड़ा गया था, प्रतिबंध से अनभिज्ञता जताने पर उसे छोड़ दिया गया था। शनिवार को केवल एक दुकानदार का चालान काटकर पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया गया था। रविवार को टीम अवकाश की वजह से शहर में निकली ही नहीं। सोमवार को निगम की टीम ने देहरादून रोड पर बालाजी बगीचा, वन विभाग चौकी, बाइपास पर मार्ग अभियान चलाया। इस दौरान बालाजी बगीचे के पास से एक सब्जी व्यापारी के पास से दो किलोग्राम पॉलिथीन पकड़ी गई। इसकी भनक लगते ही व्यापारियों ने काउंटर से पॉलिथीन हटा दी। अन्य स्थानों पर सिंगल यूज प्लेट, चम्मच, जूस पीने पाइप आदि जब्त किए। देहरादून रोड पर गन्ने का रस और अंकुरित अनाज की ठेली लगाने वाले ठेली संचालकों को टीम की ओर से चेतावनी दी गई। कार्रवाई के दौरान कर निरीक्षक निशात अंसारी, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल, अभिषेक मल्होत्रा, मुनिकीरेती क्षेत्र में जितेंद्र सजवाण, ज्योति पसबोला, मनोज सत्येंद्र आदि उपस्थित थे।