माजरी ग्रांट में दुर्घटनाग्रस्त कार: जागरुक पाठक
- फोटो : Samvad
माजरी ग्रांट-हरिद्वार हाईवे पर सोमवार को तेज गति से आ रही एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार पलटने से हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में कार सवार तीन लोग घायल हो गए हैं।
सोमवार करीब 3 बजे हरिद्वार की ओर जा रही एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। माजरी ग्रांट-हरिद्वार हाईवे पर कार चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित हो गई और एक ओर जाकर पलट गई। कार पलटते ही हाईवे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई और लोग कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए दौड़ पड़े। लालतप्पड़ पुलिस चौकी प्रभारी विनय मित्तल ने बताया कि हाईवे पर कार चालक को झपकी आने से कार पलटने की बात सामने आ रही है। कार पलटने से विजेन्द्र अग्रवाल, रीना अग्रवाल और सारांश निवासी जीएमएस रोड देहरादून घायल हो गए हैं। पुलिस के पहुंचने से पहले घायलों को उपचार के लिए हिमालयन अस्पताल भिजवा दिया गया था। लोगों की मदद से पलटी कार को उठाकर सीधा कराया गया।