झंडा चौक स्थित श्रीभरत मंदिर सभागार में हिंदू पंचायत का शुभारंभ करते मुख्य अतिथि।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। श्री भरत मंदिर सभागार में शंकराचार्य परिषद की ओर से हिंदू रिपब्लिक ऑफ हिंदुस्तान के तहत हिंदू पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में हिंदू राष्ट्र और सनातन धर्म की रक्षा के लिए विभिन्न संगठनों से जुड़े वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए।
मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में शंकराचार्य परिषद के अध्यक्ष स्वामी आनंदस्वरुप महाराज, भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष राममहेश मिश्र और इस्लाम विशेषज्ञ व साहित्यकार विनयकृष्ण चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम शुरू किया। ट्रस्ट अध्यक्ष स्वामी आनंद स्वरूप ने कहा कि आईएसआईएस के आतंकवादी भारत पर आक्रमण कर इसे इस्लामिक राष्ट्र घोषित कर दें तो हिंदू कहां जाएगा। संसार में हिंदुओं का एक भी देश कहां है, भारत में हिंदू राष्ट्र की स्थापना का विरोध करने वालों से कठोर शब्दों में पूछिए कि आपको निर्दोश लोगों के गले काटने वाला इस्लामी स्टेट चाहिए या पृथ्वी को वसुधैव कुटुंबक या सर्वत्र सुखिन: संतु निरामया..., हिंदू राष्ट्र चाहिए।
हिंदू राष्ट्र और सनातन धर्म की रक्षा के लिए सामाजिक कार्यकर्ता आयुशी राणा ने कहा कि दुनिया में इतने पॉप बने हैं, लेकिन कोई महिला पॉप नहीं बनी है, इतने मौलवी बने हैं, लेकिन कोई महिला मौलवी नहीं बनी है। प्रत्येक व्यक्ति को जागरुक होने की जरुरत है। हमारा देश हिंदू राष्ट्र बनना चाहिए। भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष राममहेश मिश्र ने कहा कि हिंदू राष्ट्र और सनातन धर्म की रक्षा के लिए हम लोगों को जागरूक होने की जरूरत है। इस्लाम विशेषज्ञ और साहित्यकार विनयकृष्ण चतुर्वेदी ने कहा कि स्वाधीनता के समय भारत में रहने वाले तत्कालीन मुसलमानों ने अपने लिए धर्म पर आधारित पाकिस्तान नामक इस्लामी स्टेट मांगा था, उनके अनुसार शेष भारत हिंदुओं का हिंदू राष्ट्र ही होना चाहिए था। उसी के अनुकूल हिंदू रिपब्लिक ऑफ हिंदुस्तान की भी स्थापना होगी।
इस मौके पर उत्तराखंड शंकराचार्य परिषद के प्रदेश अध्यक्ष पंडित रवि शास्त्री, पूर्व पालिकाध्यक्ष दीप शर्मा, इद्रप्रकाश अग्रवाल, आदेश तोमर, हितेंद्र पंवार, आशीष कुकरेती, सचिन सेलवान, डॉ. संदीप थपलियाल आदि मौजूद थे।