बॉलीवुड के सुपरस्टार अमिताभ बच्चन शु्क्रवार को मुंबई से चार्टर प्लेन से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच अमिताभ बच्चन नरेंद्रनगर स्थित आनंदा होटल के लिए रवाना हुए। उनकी झलक पाने के लिए प्रशंसक बेताब दिखाई दिए।
शु्क्रवार सुबह 10 बजे के आसपास सुपर स्टार अमिताभ बच्चन देहरादून जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। बिग बी चार्टर प्लेन से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे थे। बिग बी के आने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर लोगों का जमावड़ा लग गया। बेहद कड़ी सुरक्षा के बीच वह टर्मिनल से बाहर आए और सीधे कार में बैठकर रवाना हो गए। टर्मिनल के अंदर ही कुछ लोगों ने बिग बी के साथ सेल्फी ली। एयरपोर्ट के बाहर इतनी कड़ी सुरक्षा थी कि कोई उनके पास नहीं पहुंच सका था। चर्चाएं हैं कि सुपर स्टार अमिताभ बच्चन किसी फिल्म की शूटिंग के लिए उत्तराखंड में आए हैं। अमिताभ बच्चन डोइवाला से सीधा नरेंद्रनगर स्थित आनंदा होटल पहुंचे। सूत्रों के अनुसार ऋषिकेश समेत उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों पर छह दिन तक अमिताभ बच्चन की फिल्म की शूटिंग की जाएगी। हालांकि शूटिंग की लोकेशन की अब तक जानकारी नहीं मिल पाई है।
जौलीग्रांट के शिवमंदिर आए कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास
शिव मंदिर बागी जौलीग्रांट में आयोजित की जा रही श्रीमद्भागवत कथा में शुक्रवार को राज्य के कैबिनेट मंत्री चंदनराम दास अपने परिवार के साथ पहुंचे और पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया। नगर पालिका सभासद राजेश भट्ट ने बताया कि वह अपने पूरे परिवार के साथ आए थे और विधिवत पूजा अर्चना के बाद देहरादून चले गए। इस दौरान उनके पारिवारिक मित्र विजय मैठानी, बाल व्यास प्रमोद चमोली, आचार्य सुमित डोभाल, डोली उपासक जय चमोली, सुरेंद्र नेगी, वर्षा नेगी, रजनी रावत, शशि अमोला, प्रीति पुंडीर, अनीता नेगी, बीना सकलानी, सरोजनी और पूनम नेगी आदि मौजूद थे। संवाद