निर्जला एकादशी पर त्रिवेणी घाट समेत विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने निर्जल व्रत रख गंगा स्नान कर भगवान विष्णु की आराधना की। इस दौरान लोगों ने ब्राह्मण और भिक्षुओं को सुराही, पंखे और दक्षिणा दी। बाजारों में जगह-जगह छबील लगाकर लोगों को शरबत भी पिलाया गया।
शनिवार को निर्जला एकादशी पर ब्रह्ममूहूर्त से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। कई श्रद्धालु निर्जल व्रत रख स्नान के लिए आए थे। त्रिवेणी घाट, परमार्थ घाट, स्वामी नारायण मंदिर घाट, शत्रुघ्न घाट, नाव घाट, राधेश्याम घाट, पूर्णानंद घाट, साईं घाट आदि घाटों पर दिनभर श्रद्धालुओं का भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने सबसे पहले गंगा में डुबकी लगाकर भगवान विष्णु का ध्यान किया। इसके बाद भगवान विष्णु और मां गंगा को पुष्प, दुग्ध आदि प्रिय वस्तुएं समर्पित की।