टिहरी जिले के कोटीगाड कमांद में 25 मई को बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त मामले में सहायक परिवहन आयुक्त डॉ. अनीता चमोला ने भद्रकाली पहुंचकर परिवहन विभाग के अधिकारियों के बयान दर्ज किए। इसके बाद उन्होंने दुर्घटनास्थल पर जाकर मौका मुआयना किया।
बोलेरो में पश्चिमी बंगाल के ट्रेकरों का दल सवार था। यह लोग रायवाला बोलेरो में सवार हुए थे, जो गंगोत्री ट्रैक जा रहे थे। बोलेरो के खाई में गिरने के बाद उसमें आग लग गई थी। जिससे पांच ट्रेकरों सहित बोलेरो चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। जांच में पता चला था कि बोलेरो का ग्रीन कार्ड, ट्रिप कार्ड भी नहीं बना था। दुर्घटना के बाद शासन ने सहायक परिवहन आयुक्त को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था।
आयुक्त ने शनिवार को भद्रकाली स्थित चेक पोस्ट पर पहुंचकर 25 मई के दिन गंगोत्री मार्ग पर गए वाहनों के विवरण से संबंधित रजिस्टरों का निरीक्षण किया। उस दिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के बयान भी दर्ज किए। इसके बाद उन्होंने चारों धामों की यात्रा को लेकर रुटीन चेकिंग ग्रीन कार्ड और ट्रिप के बारे में एआरटीओ से जानकारी मांगी। इस दौरान एआरटीओ प्रवर्तन मोहित कोठारी आदि उपस्थित थे।