फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गंगा घाटों का सौंदर्यीकरण करेंगे आश्रम संचालक

विज्ञापन
विज्ञापन
नये साल में गंगा घाटों का पुनरुद्घार और सौंदर्यीकरण की आस जगी है। इसके लिए गंगा घाटों को विभिन्न आश्रमों के संचालकों को सौंपने की योजना बनाई जा रही है। बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी देहरादून सी रविशंकर और मेयर अनिता ममगाईं ने शहर के 20 आश्रमों के प्रतिनिधियों से गंगा घाटों को गोद लेने संबंधी वार्ता की। इसके तहत सभी प्रतिनिधियों से घाटों के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए सुझाव मांगे गए। शुरुआती रणनीति के तहत सभी गंगा घाटों की नंबरिंग करने उन्हें अनुबंध के आधार पर आश्रमों को सौंपे जाने की योजना है। घाटों की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण का जिम्मा भी आश्रमों का ही होगा। जल्द ही एसडीएम ऋषिकेश घाटों के सौंदर्यीकरण के व्यय का आकलन प्रस्तुत करेंगे।
विज्ञापन

केंद्र सरकार के नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए नगर निगम सभागार में एक बैठक की गई। इसमें जिलाधिकारी समेत मेयर और शहर के 20 आश्रमों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऋषिकेश की पहचान गंगा और यहां स्थित आश्रमों से है। गंगा और उसके घाटों को सुरक्षित रखना हम सभी का पहला कर्तव्य है। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत गंगा स्वच्छता और अन्य कार्यों के लिए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इसके तहत गंगा घाटों की सुरक्षा, सौंदर्यीकरण का जिम्मा ऋषिकेश स्थित आश्रमों का सौंपे जाने पर विचार किया गया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम के पास गंगा घाटों के पुनरुद्घार और सौंदर्यीकरण के लिए इतना बजट उपलब्ध नहीं है। इस दौरान जिलाधिकारी ने बैठक में उपस्थित आश्रमों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी मांगे।
आश्रमों के प्रतिनिधियों ने रखे अपने सुझाव
मायाकुंड स्थित रामानंद आश्रम के पुजारी वृंदावन दास ने कहा कि रामानंद आश्रम के समीप कुछ जगहों पर गंगा घाट क्षतिग्रस्त है। इसे ठीक किया जाए। जयराम आश्रम से प्रतिनिधि के रूप में पहुंचे प्रदीप शर्मा ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के मन में गंगा के प्रति समर्पण होना जरूरी है। तभी सरकार का यह मिशन पूरा होगा। अखिल भारतीय संत समिति के सचिव स्वामी अखंडानंद ने कहा कि गंगा प्रदूषित होने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। लक्ष्मणझूला रोड स्थित कबीर आश्रम के कपिल मुनि ने कहा कि गंगा में कूूड़ा आदि फेंकने वालों को रोका जाना चाहिए। विभिन्न चौराहों में डिस्पले के माध्यम से लाइव गंगा आरती दिखाए जाने के बारे में भी कहा। सभी प्रतिनिधियों के सुझावों को सुन जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी प्रेमलाल को एक माह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

घाटों की सुरक्षा के लिए बनेगी गंगा फोर्स
जिलाधिकारी ने बताया कि आश्रमों की ओर से गंगा घाटों को गोद लेने के बाद गंगा फोर्स का गठन किया जाएगा। फोर्स के लिए यूनिफार्म बनवायी जाएगी, जिसमें नमामि गंगे का लोगो लगा होगा। फोर्स में तैनात कर्मियों को मानदेय भी दिया जाएगा। गंगा घाटों पर फोर्स सुबह शाम मॉनिटरिंग करेगी। इसके तहत घाटों पर सीसीटीवी लगाने, साउंड सिस्टम, चेंजिंग रूम बनाने सहित साइन बोर्ड लगाने का काम भी करवाया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि यह खर्च गोद लेने वाले आश्रम को वहन करना होगा।
त्रिवेणी घाट में निर्माणाधीन द्वार हटे
नगर निगम सभागार में आयोजित बैठक में मेयर अनिता ममगाईं ने जिलाधिकारी से त्रिवेणी घाट में निर्माणाधीन द्वार को हटवाने का प्रस्ताव रखा। मेयर ने बताया कि त्योहारों के समय त्रिवेणी घाट पर अत्यधिक भीड़ होती है। बीते दशहरा पर्व के दौरान त्रिवेणी घाट पर भारी भीड़ जमा थी। निर्माणाधीन द्वार के कारण वहां पर लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम प्रेमलाल को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें