मध्य प्रदेश की कार की टक्कर से सोमेश्वर नगर की 19 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया। आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत के चलते आरोपी कार चालक को न्यायालय से जमानत मिल गई। परिजनों ने आरोपी पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजे श्यामपुर बाइपास पर रेलवे अंडर के पास हरिद्वार की तरफ से आ रही मध्य प्रदेश नंबर की एक तेज रफ्तार कार ने विपरीत दिशा में आकर ऑटो को टक्कर मार दी। दुर्घटना के दौरान हरिद्वार के खन्ना नगर निवासी ऑटो चालक राजेंद्र बिश्नोई (50) और सोमेश्वर नगर की रहने वाली छात्रा ईशा डोभाल (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां से उनको एम्स रेफर कर दिया। यहां शुक्रवार सुबह पांच बजे ईशा डोभाल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं ऑटो चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।
रविवार को ईशा के परिजनों और स्थानीय लोगों को आरोपी कार चालक को न्यायालय से जमानत मिलने की सूचना मिली। इस पर बड़ी संख्या में गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों कोतवाली पहुंचे। लोगों ने कोतवाल का घेराव कर पुलिस को खूब खरी खोटी सुनाई। परिजनों ने पुलिस पर दबाव और रुपये लेकर आरोपी को बचाने का आरोप भी लगाया। ईशा की मां कमला देवी और ताई ममता देवी ने कहा कि आरोपी चालक ने घटना के बाद उनके साथ मारपीट की और कानूनी कार्रवाई करने पर देखने की धमकी भी दी। दोनों ने बताया कि आरोपी ने उन पर रुपये लेकर मामले को रफा दफा करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी ने कहा कि उसकी ऊंची पहुंच है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर कोतवाली लाई थी। इसके बावजूद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपी पर लापरवाही जैसी मालूमी धारा लगाई गई। जिससे उसको न्यायालय से जमानत मिल गई। कोतवाल रवि सैनी ने परिजनों को बताया कि आरोपी कार चालक की पहचान मध्य प्रदेश के मुरैना के रहने वाले शिव प्रसाद राघव (50) के रूप में हुई है। विवेचना के दौरान मुकदमे में गैर इरादतन हत्या की धारा और बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। हालांकि परिजन और स्थानीय लोग आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।