रानीपोखरी में टूटा जाखन नदी पर बना वैकल्पिक मार्ग।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। डोईवाला। रानीपोखरी में जाखन नदी का जल स्तर बढ़ने से वैकल्पिक मार्ग (काजवे) पर ह्यूम पाइप के ऊपर बनाई गई पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद वैकल्पिक मार्ग पर एक बार फिर वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। नदी में पानी बढ़ने से थानो बाइपास और घमंडपुर में भी यातायात अवरुद्ध हो गया। इसके बाद वाहनों को ऋषिकेश से वाया नेपाली फार्म होते हुए देहरादून भेजा गया। देर शाम तक लोक निर्माण विभाग की टीम पुल के मरम्मत कार्य में जुटी थी।
सोमवार को जाखन नदी में से लोक निर्माण विभाग की मेहनत पर एक बार फिर पानी फिर गया। नदी के तेज बहाव से ह्यूम पाइप पर आवागमन के लिए बनाई गई पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई। शाम तक नदी का पानी पुलिया के ऊपर से बहने लगा। पहाड़ों में जारी बारिश के बाद बुधवार दोपहर 12 बजे जाखन नदी में अचानक पानी बढ़ गया। नदी के बहाव से पुलिस का काफी भाग क्षतिग्रस्त हो गया। आनन फानन में लोक निर्माण विभाग ने पुल से आवाजाही के बंद कर दिया। पुलिस ने नटराज चौक और क्षतिग्रस्त रानीपोखरी पुल के दोनों ओर बैरिकेड लगा दिए। ऋषिकेश और देहरादून की ओर से आने वाले वाहनों लौटा दिया गया। नदी का जलस्तर कुछ कम होने पर लोक निर्माण विभाग की टीम ने पुलिया की मरम्मत का काम शुरू किया। लेकिन शाम चार बजे नदी का जलस्तर एक बार बढ़ गया और पुलिया टूट गई। देर शाम तक नदी के घटते बढ़ते जलस्तर के बीच विभाग पुलिया को दुरुस्त करने में जुटा है। गौरतलब है कि बीते मंगलवार को नदी उफान पर आ गई थी, जिससे काजवे का 300 मीटर हिस्सा नदी में बह गया था। वहीं एक निर्माण और वायरक्रेट के तार भी नदी में समा गए थे। मंगलवार शाम को मरम्मत के बाद लोनिवि ने पुल को वाहनों के आवागमन के खोल दिया था। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि बुधवार के दिन दो बार जलस्तर में बढ़ोत्तरी होने से काम प्रभावित हुआ है। ह्यूम पाइप की पुलिया के ऊपर तक पानी आने से वाहनों की आवाजाही को बंद कर दिया गया है। बताया कि पुलिया की मरम्मत की जा रही है। जल्द ही वैकल्पिक मार्ग को चालू कर दिया जाएगा।
जाखन नदी पर वैकल्पिक मार्ग को निर्माण करते कर्मचारी।- फोटो : RISHIKESH