प्रेसवार्ता में जानकारी देते एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत।
- फोटो : RISHIKESH
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में बेडों की संख्या एक हजार से बढ़ाकर चार हजार की करने की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए कैबिनेट ने एम्स को 200 एकड़ भूमि आईडीपीएल में दिए जाने की मंजूरी दे दी है। हालांकि, जमीन हस्तांतरण प्रक्रिया शेष है। यह जानकारी शुक्रवार को एम्स निदेशक प्रो. रविकांत ने प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि एम्स का उद्देश्य ऋषिकेश सहित समूचे उत्तराखंड को स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं प्रदान करना है। इसके लिए एम्स निरंतर प्रयास कर रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान में माइंड एंड बॉडी सेंटर जल्द खुलने जा रहा है। इसमें योग, आयुर्वेद और एलोपेथ विधा से लोगों का उपचार किया जाएगा। इसके अलावा संस्थान में 54 ऑपरेशन थियेटर खोले जा रहे हैं। इसमें 35 जनरल, लोकल, एक हाईब्रिक कैथलैब आदि शामिल हैं। कहा कि लोगों की आर्थिकी बढ़ाने के लिए एम्स प्रयास कर रहा है। गरीबों का इलाज करना एम्स की जिम्मेदारी है। इस मौके पर उप निदेशक प्रशासन अंशुमन गुप्ता, डॉ. विनोद, डॉ. मोहित तायल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल आदि मौजूद रहे।
---
एम्स को निजी कंपनी देगी एयर एंबुुलेंस
एम्स निदेशक प्रो. रवि कांत ने बताया कि एक निजी कंपनी ने संस्थान को एक एयर एंबुलेंस निशुल्क देने का निर्णय लिया है। इसके के लिए अभी बिजली लाइटर लगाए जाने के लिए जगह तलाशी जा रही है। बताया कि संस्थान में अभी दो हेलीपैड हैं। अब तीन हेलीकॉप्टर उतारने के लिए क्षमता विकसित करने की योजना है। बताया कि एयर एंबुलेंस को लेकर यूपीसीएल के साथ अनुबंध हस्ताक्षित हो चुके हैं। बिजली व्यवस्था के लिए 85 लाख रुपये यूपीसीएल को देना है। इसमें यूपीसीएल एम्स के आसपास बिजली के वायरों को अंडरग्राउंड करेगा। इसके अलावा एयर एंबुलेंस के रास्ते में आने वाले पेड़ों के कटान के लिए वन विभाग से भी वार्ता हुई है।
---
कल मनाया जाएगा युवा दिवस
प्रो. रवि कांत ने बताया कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद की जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। सुबह आठ बजे आस्था पथ पर मैराथन, साढ़े आठ बजे वॉक टू टॉक की जाएगी। कार्यक्रम में राज्यपाल बेबी रानी मौर्य और मुख्य वक्ता के रूप में युवा कल्याल एवं खेल मंत्रालय की ओर से गठित बोर्ड ऑफ गवर्नेंस के सदस्य शतरुद्र प्रताप सिंह शिरकत करेंगे। बताया कि रक्तदान शिविर भी आयोजन किया जाएगा। बताया कि कार्यक्रम में रायवाला कैंट से आर्मी बैंड की विशेष प्रस्तुति भी होगी।