वार्ड की समस्याओं और शिकायतों के समाधान के लिए अब लोगों को सभासद कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वार्ड एक के सभासद विनोद कुमार सिद्धू ने जनसुनवाई को हाईटेक बनाने की पहल करते हुए डिजिटल क्यूआर कोड व्यवस्था शुरू की है। इसके माध्यम से नागरिक मोबाइल से एक स्कैन कर अपनी शिकायत और सुझाव सीधे सभासद तक पहुंचा सकेंगे।
विज्ञापन
सभासद कार्यालय में इस डिजिटल व्यवस्था का विधिवत शुभारंभ किया गया। क्यूआर कोड स्कैन करने पर नागरिकों को अपनी समस्या दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी। इससे लोगों का समय बचेगा और जनसमस्याओं को जनप्रतिनिधि तक पहुंचाना आसान होगा। सभासद ने बताया कि फिलहाल इसकी शुरुआत कार्यालय से की गई है। भविष्य में वार्ड के प्रमुख स्थानों पर भी क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें। तकनीक के माध्यम से जनता और जनप्रतिनिधि के बीच संवाद को सरल बनाना इस पहल का उद्देश्य है।