ईंट लदे बेलगाम ट्रक के पलटने से उसकी चपेट में आए बाइक सवार युवक की दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसा बृहस्पतिवार देर रात करीब डेढ़ बजे हरिद्वार बाईपास मार्ग पर मंशा देवी तिराहे से पहले हुआ।
रूषा फार्म, गुमानीवाला निवासी उपेंद्र जखमोला (32) पुत्र मोहनलाल जखमोला बीते बृहस्पतिवार को ममेरी बहन की शादी की मेहंदी रस्म में शामिल होने चौदह बीघा आया था। देर रात घर लौट रहा था। इसी बीच हरिद्वार बाईपास मार्ग पर सामने से तेज रफ्तार से आ रहा ईंट लदा एक ट्रक बेकाबू होकर पलट गया। ट्रक के समानांतर गुजर रहा बाइक सवार उसकी चपेट में आ गया। गंभीर घायल होने पर 108 आपातकालीन सेवा ने उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। युवक की मौत से परिजनों में मातम छा गया है। परिजन एलपी कुड़ियाल ने बताया कि उपेंद्र ढालवाला स्थित एक प्राइवेट फैक्ट्री में कार्य करता था। वह अपने पीछे तीन बच्चों का भरा पूरा परिवार छोड़ गया है।
ट्रक से नंबर प्लेट गायब
दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के आगे और पीछे की दोनों नंबर प्लेट गायब मिली। सड़क पर बिखरी ईंट के ढेर के नीचे नंबर प्लेट के दबने की आशंका में छानबीन की गई, लेकिन नंबर प्लेट नहीं मिली। पुलिस मान रही है कि कि वाहन की पहचान छिपाने के लिए फरार चालक नंबर प्लेट भी उखाड़ ले गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में छानबीन की जा रही है।
हेलमेट मार्ग के दूसरे छोर पर मिला
हरिद्वार बाईपास मार्ग के दूसरे छोर पर मिला मृत युवक का हेलमेट हादसे को बयां कर रहा था। बेकाबू ट्रक के पलटने से बाइक सवार इतनी बुरी तरह टकराया होगा कि उसका हेलमेट छिटककर दूर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के चेहरे पर गंभीर चोट थी।