ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। राजकीय ऑटोनामस महाविद्यालय में चार सूत्री मांगों को लेकर प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी और छात्रसंघ पदाधिकारियों में सहमति बनी। शुक्रवार को दोपहर दो बजे प्राचार्य कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी सत्र में प्रवेश प्रक्रिया एवं महाविद्यालय के विभिन्न विषयों पर चर्चा की हुई। प्राचार्य डॉ. एनपी माहेश्वरी ने छात्रसंघ पदाधिकारियों को बताया कि प्रवेश आवेदन फार्म भरते समय छात्रों को आने वाली समस्याओं ने निदान के लिए महाविद्यालय पूरा प्रयास कर रहा है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के अतिरिक्त अन्य सामाजिक संस्थाओं से भी प्रवेश के समय छात्र-छात्राओं की सहायता का आग्रह किया जाएगा। साफ्टवेयर को मोबाइल फ्रेंडली बनाया जाएगा, जिससे छात्रों को साइबर में जा कर अनावश्यक पैसे नहीं खर्च करने पड़ेंगे। इस दौरान साफ्टवेयर को अपडेट कर मोबाइल फ्रेंडली बनाने, महाविद्यालय को स्वच्छ रखने के लिए संसाधन बढ़ाने, प्रवेश प्रक्रिया में सामाजिक संस्थाओं के सहयोग तथा बाहरी छात्रों के हस्तक्षेप को नियंत्रित करने के लिए ड्रेस कोड लागू करने पर गंभीरता पूर्वक विचार करने पर सहमति बनी। इस अवसर पर ऑनलाइन प्रवेश संयोजक डॉ. दयाधर दीक्षित, चुनाव प्रभारी डॉ. एमपी नागवाल, डॉ. प्रीत पाल, शकुंतला शर्मा, छात्र संघ अध्यक्ष अरविंद सिंह पंवार, उपाध्यक्ष पारस, सचिव शिवा सिंह आदि उपस्थित रहे।