उत्तराखंड परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों को संविदाकर्मी घोषित करने की मांग को लेकर करीब 50 फीसद आउटसोर्सिंग और 20 प्रतिशत नियमित कर्मी सामूहिक अवकाश पर रहे। कार्य से विरत रहने पर ऋषिकेश डिपो में परिवहन व्यवस्था चरमरा गई। इससे तीर्थ यात्री व दैनिक यात्री र्िदनभर हलकान रहे।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन से जुड़े आउटसोर्सिंग और नियमित कमियों के एक दिन के सामूहिक अवकाश के चलते रोडवेज डिपो से सेवाएं ठप रहीं। हालांकि आंदोलन में शामिल न होने वाले रोडवेजकर्मियों ने काम किया, लेकिन बड़ी संख्या में कर्मियों के कार्य से विरत होने पर कई रूटों की सेवाएं लड़खड़ा गईं।
यूपी रोडवेज की बसों का संचालन नियमित होने से यात्रियों को कुछ राहत भी मिली। कर्मचारी यूनियन शाखा अध्यक्ष देवेंद्र मान ने बताया कि आउटसोर्सिंग कर्मियों को संविदाकर्मी घोषित करने की मांग पिछले काफी समय से चल रही है। निगम प्रबंधन कोरे आश्वासन दे रहा है। उन्होंने चेताया कि जल्द मांग पर गौर नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।