गंगा का जलस्तर बढ़ने से रायवाला में गुर्जर परिवार को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान तक ले जाती एसडी?
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। गंगा का जलस्तर अचानक बढ़ने से गौहरी माफी में गुर्जरों के दो डेरों के 25 लोग एक टापू पर फंस गए। सूचना मिलने पर रायवाला पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने आनन फानन में रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में बचाव दल सभी लोगों को सकुशल बाहर निकालने में कामयाब रहा।
गौहरी माफी में गंगा की उफनती लहरों के बीच टापू पर फंसे गुर्जर परिवारों के लिए रायवाला पुलिस और एसडीआरएफ संकटमोचक बनी। सोमवार को उत्तरकाशी से ऋषिकेश पहुंचे गुुर्जर परिवारों ने रायवाला क्षेत्र के गौहरी माफी और राम मंदिर के बीच एक टापू पर दो डेरे लगाए थे। दोनों डेरों में 25 लोग शामिल थे। तब गंगा का जलस्तर कम था। मंगलवार अलसुबह गंगा नदी अचानक जबरदस्त उफान पर आ गई। कुछ ही देर में टापू के आसपास का इलाका जलमग्न हो गया। इसके बाद टापू पर फंसे लोगों की चीख पुकार मच गई। सुबह करीब 7.15 को रायवाला पुलिस को टापू पर लोगों के फंसे होने सूचना मिली। रायवाला थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कुछ देर में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर आ गई। करीब आठ बजे पुलिस और एसडीआरएफ ने राफ्टों को गंगा में उतारकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। साढ़े तीन घंटे तक चले रेस्क्यू के बाद करीब 11.30 पर बचाव दल ने राफ्टों और रस्सियों की मदद से सभी 25 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।