ब्यूरो/अमर उजाला, मुनिकीरेती । लक्ष्मणझूला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से स्व. रणवीर सिंह की स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता का मंगलवार को शुभारंभ किया गया। इस प्रतियोगिता में लगभग 32 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। पहला मुकाबला योगी क्लब और एलजेएफसी क्लब के बीच खेला गया, जिसमें एलजीएफसी क्लब ने जीत दर्ज की। लक्ष्मणझूला स्थित खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का नगर पंचायत अध्यक्ष माधव अग्रवाल व थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कठैत ने विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर माधव अग्रवाल ने खिलाड़ियों से खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि एक अच्छा खिलाड़ी वही होता है जो खेल की भावना से मैदान में उतरता है। अक्सर वही खिलाड़ी अपने मंजिल तक पहुंचने में कामयाब होता है। प्रतियोगिता का पहला मैच योगी क्लब और एलजेएफसी क्लब के बीच खेला गया। योगी क्लब ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एलजेएफसी क्लब की टीम ने 12 ओवरों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 138 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए योगी क्लब 12 ओवर में मात्र 71 रनों पर ही सिमट गई।
इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 32 टीमों ने अपना पंजीकरण किया गया है। प्रतियोगिता 15 दिनों तक आयोजित की जाएगी। विजेता प्रतिभागियों को प्रथम और द्वितीय पुरस्कार दिया जाएगा। इस अवसर पर मुरलीधर शर्मा, सुमन सिंघल, संजीव प्रजापति, अजय आर्य, अंकित कोहली, अर्जन भंड़ारी, राहुल धाकड़, अरुण मंडल, सोनू बिष्ट, लाल मिश्रा आदि मौजूद थे।