ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। 30वां सड़क सुरक्षा सप्ताह के दूसरे दिन उत्कृष्ट कार्य करने वाले वाहन चालक तथा सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में सहयोग करने वाले विद्यालयों के प्रबंधन को सम्मानित किया गया। नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में 30वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. अनिता चमोला ने विभिन्न यूनियनों से पहुंचे पदाधिकारी तथा चालक, अभिभावक तथा विद्यालयों के प्रतिनिधियों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करता है, तो तीन माह के लिए उसका ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कर दिया जाएगा। तेज गति से कभी भी अपने वाहन न चलाए।
इस मौके पर उप जिलाधिकारी प्रेमलाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में हम सभी को बढ़ चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। ऐसे कार्यक्रमों से सड़क पर वाहन चलाते समय किन किन बातों का विशेष तौर पर ध्यान देना होता है, इसकी जानकारी मिलती है। दुपहिया वाहन को सड़क पर चलाते समय हेलमेट का प्रयोग अवश्य करना चाहिए तथा मोबाइल फोन के प्रयोग से बचना चाहिए।
कार्यक्रम के बाद जागरुकता रैली निकाली गई, जिसे मेयर अनिता ममगाईं, उप जिलाधिकारी प्रेमलाल, एआरटीओ डॉ. अनिता चमोला ने वाहन चालकों की रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली नगर निगम से शुरू होकर हरिद्वार रोड, देहरादून रोड, नटराज चौक, बाईपास मार्ग होते एआरटीओ कार्यालय के प्रांगण पर समाप्त हुई। रैली में दुपहिया वाहन चालक, कोतवाल रितेश शाह पेट्रोलिंग बाइक, मैक्सी, विक्रम, ऑटो आदि ने प्रतिभाग किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा संबंधी विभिन्न स्लोगन बोर्ड भी वाहनों में लगे दिखाई दिए।
किसी नेता के दबाव में नियमों से समझौता न करें
मेयर अनिता ममगाईं ने कहा कि वह ऋषिकेश क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से संगठनात्मक राजनीति करती आ रही हैं। उन्होंने आज तक किसी भी वाहन के पकड़े जाने पर चालान करने वाले स्टाफ से बात नहीं की है। उन्होंने एआरटीओ डॉ. अनिता चमोला से कहा कि चालान की कार्रवाई के दौरान किसी भी नेता या अभिनेता के दबाव में कार्रवाई करना न छोड़ें। तभी लोग भविष्य में सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करेंगे।
यह हुए सम्मानित
डीएसबी इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य शिव सहगल, फुटहिल्स एकेडमी की प्रधानाचार्य अनिता रतूड़ी, एनडीएस स्कूल की प्रधानाचार्य ललिता, आरपीएस स्कूल के प्रधानाचार्य शैलेंद्र सिंह भंडारी, ओआईएमटी के प्रोफेसर नवीन द्विवेदी, उत्तराखंड परिवहन निगम के पर्वतीय मार्ग चालक विजेंद्र बिष्ट, परिवहन के मैैदानी क्षेत्रों के चालक विनोद, टीजीएमओ के चालक मांग सिंह रौतेला, यातायात कंपनी के चालक सरपंच सिंह, विक्रम यूनियन के चालक कुंवरपाल और हरिमोहन, मैक्सी यूनियन के चालक मोहन लाल मलासी, ऑटो यूनियन के चालक अशोक पांडे, टैक्सी यूनियन के चालक कृष्ण डबराल, राजेंद्र कुमार, विक्रम यूनियन के चालक राम अवतार को मेयर अनिता ममगाईं, उप जिलाधिकारी प्रेमलाल, एआरटीओ डॉ. अनिता चमोला ने स्मृति चिह्न और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।