पिथौरागढ़ निवासी अजय ओली बाल भिक्षावृत्ति व बालश्रम को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करते हुए 13,900 किमी की पैदल यात्रा कर तीर्थनगरी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विद्यालयों में दो हजार से ज्यादा छात्रों को जागरूक किया। मंगलवार को ऋषिकेश पहुंचे अजय ओली ने सीमा डेंटल कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और हैप्पी होम पब्लिक स्कूल में छात्र छात्राओं को बाल भिक्षावृत्ति व बालश्रम को रोकने के प्रति जागरूक किया।
इस मौके पर अजय ओली ने बताया कि अब तक 14 हजार से अधिक बच्चों को शिक्षा के माध्यम से जीवन की नई राह से जोड़ा गया है। इसके अलावा 2 लाख 44 हजार लोगों को भिक्षा नहीं देंगे की शपथ दिलाई गई है। उन्होंने अब तक 7 राज्यों और 85 शहरों में 700 से अधिक जागरुकता अभियान संचालित किए हैं। अजय ने बताया कि भिक्षा नहीं शिक्षा के माध्यम से 2025 तक देश को बाल भिक्षावृत्ति और बालश्रम मुक्त बनाने का संकल्प है। वर्तमान मे वह एक लाख से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए 250 किमी चारधाम की नंगे पांव पैदल यात्रा पर हैं। पिथौरागढ़ से शुरू यात्रा चारधाम होते हुए दिल्ली के इंडिया गेट पर खत्म होगी। इस यात्रा मे कार्तिका थपलियाल भी उनका साथ दे रही हैं।