ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
डोईवाला। ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ के बाद अब अभिनेता शाहिद कपूर अपनी नई फिल्म ‘कबीर सिंह’ की शूटिंग उत्तराखंड में करने पहुंचे हैं। बुधवार को जौलाग्रांट एयरपोर्ट पर फिल्म के कुछ दृश्य फिल्माए गए। शूटिंग के दौरान शाहिद कपूर को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एयरपोर्ट पर मौजूद रहे ।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर बुधवार को शाहिद कपूर और अभिनेत्री कियारा आडवाणी के साथ दृश्य फिल्माए गए। शूटिंग के लिए सुबह से ही फिल्म यूनिट से जुड़े लोगों ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर सभी व्यवस्थाओं को पुख्ता कर लिया गया था। करीब 11 बजे शूटिंग शुरू हुई। इस दौरान अभिनेता शाहिद कपूर का एयरपोर्ट पर आनाजाना दिखाया गया और एयरपोर्ट से बाहर टैक्सी की तलाश करने के दृश्य फिल्माए गए। फिल्म के लाइन प्रोड्यूसर मयंक तिवारी ने बताया कि फिल्म कबीर सिंह रोमांस से भरपूर है। फिल्म में उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां दिखाई देंगी। इसके बाद देहरादून और मसूरी में चार दिनों तक शूटिंग चलेगी। फिल्म में स्थानीय लोगों को भी मौका दिया गया है। वहीं शूटिंग के दौरान शाहिद के फैंस को दूर रखा गया। स्थानीय पुलिस बल और बाउंसर शूटिंग के दौरान सक्रिय नजर आए।