ब्यूरो/अमर उजाला, डोईवाला। सामाजिक लोगों ने एकजुट होकर पुलवामा आतंकी हमले के वीर शहीदों की आत्मा शांति के लिए सुंदर कांड पाठ और हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। दूधली क्षेत्र के सामाजिक, राजनीतिक और पूर्व सैनिकों ने संयुक्त रूप से शहीदों की आत्मा शांति के लिए प्राचीन शिव मंदिर दूधली में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए। सुबह से ही मंदिर में लोग एकत्रित होने लगे थे। पंडित मुकुंदराम गौड़ ने सुंदर कांड और हवन यज्ञ कराया।
मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र सिंह पंवार ने यज्ञ में आहुति देकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कहा कि पुलवामा हमले से पूरा देश आक्रोशित है। वीर सैनिकों का बलिदान देश की जनता के ऊपर उपकार है। कार्यक्रम आयोजक वरिष्ठ भाजपा नेता करन बोरा ने कहा कि पाकिस्तान की कायराना हरकत का मुंहतोड़ जवाब देश की जनता एकजुटता से देगी। सुंदर कांड और हवन यज्ञ से शहीदों की आत्मा की शांति की कामना की गई है।
कार्यक्रम में महामंडलेश्वर अवधूत बाबा अरुण गिरी जी महाराज, भाजपा विधानसभा प्रभारी नरेंद्र सिंह नेगी, अधिवक्ता सुशील वर्मा, श्रवण प्रधान, संजीव लोधी, ललित पंत, कमल थापा, सतेंद्र चौधरी, गोपाल शर्मा, राकेश नौटियाल, विशाल क्षेत्री, उम्मेद वोरा, दिनेश पयाल, कैप्टन अशोक वर्मा, कैप्टन केएस मनोला, सुखदेव सिंह, विवेक बोरा, शेखर खोलिया, ग्राम प्रधान वीरेंद्र थापा, सूरज, माया क्षेत्री, कल्याण सिंह, गोविंद बोरा, गोविंद सिंह कान्याल, लक्ष्मण सिंह अधिकारी आदि तमाम लोग मौजूद थे।