सूबे में निजाम बदलने के साथ ही सचिवालय परिसर स्थित राज्यपाल सचिवालय के लिए योग्य अफसरों की तलाश तेज हो गई है। मुख्य सचिव शत्रुघ्न सिंह के निर्देश पर उन अफसरों की सूची तैयार की जा रही है जो कार्य कुशल होने के साथ ही साफ सुथरी छवि के रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो इन अफसरों को राज्यपाल सचिवालय जो पूर्व में मुख्यमंत्री सचिवालय के रूप में जाना जाता था वहां पहुंचने के लिए मौखिक रूप से तैयार रहने को कहा गया है। एक दो दिनों में ही इन अफसरों के स्थानांतरण का आदेश जारी होने की उम्मीद है।
दिलचस्प पहलू यह है कि राष्ट्रपति शासन लगने के साथ ही नए दायित्व सौंपे जाने को लेकर जिन अफसरों के नामों की चर्चा हो रही हैं, उनमें से कई अफसर ऐसे भी हैं जो हरीश रावत सरकार में ऐसे विभागों में भेज गए थे, जहां उनके लिए कुछ खास करने को जगह नहीं थी।
सभी अफसर उत्साह से लबरेज
ऐसे में यह सभी अफसर चुपचाप जैसे-तैसे समय बिता रहे थे। अब जबकि इन अफसरों को राज्यपाल सचिवालय में भेजे जाने की तैयारी है तो यह सभी अफसर जोश में हैं।
सूत्रों का यहां तक कहना है कि इन अफसरों में से कई को दोहरा दायित्व सौंपने की भी तैयारी है। वहीं राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पाल के इस संदेश के बाद कि अधिकारी पूरी पारदर्शिता, ईमानदारी और कार्य कुशलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करें, यह सभी अफसर उत्साह से लबरेज नजर आ रहे हैं।