बेटी को ससुराल विदा करने की तैयारियों में जुटे एक परिवार पर तब पहाड़ टूट पड़ा, जब मंडप में बैठे दूल्हा नई जिंदगी शुरू करने से पहले ही दुनिया से विदा हो गया।
सीने में तेज दर्द की शिकायत पर दूल्हे को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी है। वहीं, सेहरे में सजे दूल्हे को अर्थी में घर लौटते देख लोगों की आंखें भर आईं।
ओएफडी कर्मचारी वेदपाल की चौथी बेटी की शादी प्रदीप कुमार पुत्र जगदीश कुमार निवासी न्यू दयाल बाग अंबाला कैंट (हरियाणा) से होनी थी। सोमवार शाम सात बजे बारात ओएफडी कर्मचारी आवास स्थित विवाह स्थल पहुंच गई।
स्वागत के कुछ देर बाद मंडप में बैठे दूल्हे प्रदीप ने पेटदर्द की शिकायत की। इस पर उसके दोस्त उसे टहलाने बाहर सड़क पर ले गए। कुछ देर बाद सब लौट आए। पूजा के बाद पंडित ने वर-वधू को जयमाला के लिए बुलाया।
दोनों खड़े हुए, तभी प्रदीप ने सीने में तेज दर्द की बात कही और नीचे गिर पड़ा। यह देख पंडाल में अफरातफरी मच गई। निजी वाहन से दूल्हे को ओएफडी अस्पताल ले जाया गया, वहां से उसे सीएमआई रेफर कर दिया गया।
सीएमआई में प्रदीप ने दम तोड़ दिया। दूल्हे की मौत की खबर से बारातियों और दुल्हन के घर मातम पसर गया।
मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया, लेकिन रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी। शव से खून का सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।
तनाव में था प्रदीप
देहरादून। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ न होने से मामला संदिग्ध हो गया है। लड़की के परिजनों की मानें तो विवाह स्थल पर दूल्हा कुछ तनाव में दिख रहा था।
उनके मुताबिक दूल्हे के परिजन उसे कुछ नसीहत दे रहे थे। इसके बाद उसकी तबियत खराब हुई।