प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट स्किल इंडिया की तर्ज पर उत्तराखंड में सरकारी स्कूलों के बच्चों को हुनरमंद बनाने के लिए दो बड़े फैसले लिए गए हैं।
पहला यह कि 200 स्कूलों में व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू होने जा रहे हैं। इसके तहत आईटी, आटोमोबाइल, ट्रेवल एंड टूरिज्म, पेशेंट केयर, रिटेल व ब्यूटीशियन जैसे कोर्स कराए जाएंगे। साथ ही अंग्रेजी की कोचिंग के लिए उन्नति प्रोजेक्ट को इस साल से 1100 स्कूलों में शुरू किया जा रहा है। इससे संबंधित शिक्षा विभाग की कार्ययोजना को केंद्र से अनुमोदन मिल गया है।
उत्तराखंड में व्यावसायिक शिक्षा के विषयों को विद्यालयीय शिक्षा के पाठ्यक्रम में कक्षा नौ से प्रारंभ किया जाएगा। नौवीं से
इंटरमीडिएट तक इसके विभिन्न स्तर होंगे। हाईस्कूल में परीक्षार्थी सूचना प्रौद्योगिकी, ऑटोमोबाइल, रिटेल, पेंशेट केयर, टूरिज्म,
ब्यूटीशियन में से किसी एक विषय को छठे विषय के रूप में अपनी इच्छा के अनुसार चुन सकेंगे।
शुरुआत में इसे दो सौ स्कूलों में शुरू किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक व्यावसायिक शिक्षा विषयों के लिए एनसीईआरटी नई दिल्ली द्वारा पंडित सुंदरलाल शर्मा सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ वोकेशनल एजूकेशन भोपाल के सहयोग से पाठ्यक्रम तैयार किया गया है। जिसे एससीईआरटी द्वारा हिंदी में अनुवादित कर परिषद कार्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा।