डीडीहाट (पिथौरागढ़)। अब नगर में महिलाएं व्यापारियों से यूजर चार्ज वसूलेंगी। इसके एवज में यूजर चार्ज का कुछ हिस्सा देकर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा।
नगर पालिका ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल शुरू की है। ईओ सूरज कुमार ने पालिका सभागार में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 90 महिलाओं के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि इस वित्तीय वर्ष से स्थानीय व्यापारियों से यूजर चार्ज लेने का निर्णय लिया गया है।
यह शुल्क वसूलने की जिम्मेदारी महिलाओं को दी जाएगी। कुछ हिस्सा महिलाओं को मिलेगा इससे उनकी आय बढ़ेगी। वहीं पॉलीथिन की जगह महिलाएं स्थानीय उत्पादों और कपड़े से फैंसी बैग तैयार करेंगी। इससे पॉलीथिन के उपयोग पर प्रतिबंध लगेगा और महिलाओं को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन पर नगर में पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। इसका उपयोग करने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। संवाद