घास लेने के लिए जाते समय इसी पहाड़ी से खाई में गिरी महिला। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
नाचनी(पिथौरागढ़)। मवेशियों के लिए बहू और बेटे के साथ चारा लेने जंगल गई एक बुजुर्ग महिला सूखी घास में फिसलने 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई। सैकड़ों फीट गहरी चट्टानों में गिरने से पुलिस और ग्रामीणों को महिला के सिर्फ दो पैर और शरीर के कुछ क्षत विक्षत हिस्से ही मिले हैं।
बुधवार को नाचनी के मलौन तोक देरूखा निवासी कौशल्या देवी (67) पत्नी धनी राम बहू और बेटे के साथ पास के ही जंगल में मवेशियों के लिए चारा लेने गई थी। रास्ते में सूखी घास में फिसलकर वह 600 मीटर गहरी खाई में गिर गई। ग्राम प्रधान ललित राम ने नाचनी थाने हादसे की जानकारी दी। थानाध्यक्ष कंचन कुमार पलड़िया और एसआई रवींद्र सिंह की टीम मौके पर पहुंची। महिला के खोज के दौरान चट्टानों में दो पैर और शरीर के कुछ हिस्से मिले हैं। पुलिस ने पंचायत नाम भरने के बाद शरीर के हिस्सों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।