डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर में दो साल से बंद पड़ी पार्किंग का निर्माण नहीं होने से लोगों में गुस्सा है। अब इस मामले को लेकर डीडीहाट के सामाजिक संगठन हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं। तीन करोड़ की लागत से निर्माणाधीन पार्किंग का काम दो साल से बंद है।
नगर के पुराने पार्किग स्थल पर ही पर्यटन विभाग की ओर से तीन करोड़ लागत से लिफ्टिंग पार्किग के निर्माण को वर्ष 2021 में मंजूरी दी गई थी। हिमालय स्टील वर्क्स लिमिटेड ने पुरानी पार्किंग को तोड़कर उसी स्थान पर नई पार्किंग का कार्य शुरू किया था। पार्किंग निर्माण के दौरान ही पार्किंग स्थल के निचले हिस्से की दीवार टूटने से जमीन धंस गई थी और पूरी पार्किंग में दरारें आ गई थीं। दो साल से कंपनी ने इस पार्किग का निर्माण बंद कर रखा है। टैक्सी और प्राइवेट वाहनों को लोग सड़कों के किनारे खड़ा करने के लिए मजबूर हैं।
इस पार्किग की जांच स्वयं डीएम रीना जोशी भी एक साल पहले कर चुकी हैं लेकिन न किसी पर कार्रवाई हुई और न पार्किंग का काम दोबारा शुरू हो सका। डीडीहाट यूथ सोसाइटी के अध्यक्ष संजय पंत का कहना है कि अब कंपनी के खिलाफ कार्रवाई के लिए हाईकोर्ट जाने का रास्ता ही बचा है। उन्होंने बताया कि जल्द ही न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा। संवाद
कार पार्किंग से मिलेगा एक करोड़ से अधिक का राजस्व
चंपावत। पूर्णागिरि धाम में लगने वाले मेले को लेकर जिला पंचायत की ओर से तैयारियांं शुरू कर दी गई हैं। इस बार कार पार्किंग के ठेके से जिला पंचायत को एक करोड़ से अधिक का राजस्व मिलेगा। 26 मार्च से शुरू हो रहे मेले को लेकर सोमवार को जिला पंचायत सभागार में अपर मुख्य अधिकारी भगवत पाटनी और उप कोषाधिकारी गणेश चौथिया की देखरेख में कार पार्किंग का निविदा खोली गई।
पांच ठेकेदारों ने निविदा में भाग लिया था जिसमें सबसे अधिक एक करोड़ 28 हजार रुपये की बोली आनंद सिंह महर के नाम छूटी। इस दौरान वित्त परामर्शदाता हिमांशु मठपाल, वरिष्ठ प्रशासन अधिकारी विजय उप्रेती सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संवाद
गंगोलीहाट में 6.41 करोड़ की लागत से बनेगी बहुमंजिला पार्किंग
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। महाकाली रोड पर पार्किंग बनाने की लोगों की वर्षों पुरानी मांग जल्द पूरी हो जाएगी। शासन ने छह करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से बनने वाली बहुमंजिला पार्किंग के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।
महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करने के लिए वर्ष भर भक्तों का आना-जाना लगा रहता है। पार्किंग नहीं होने के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। महाकाली मंदिर से लेकर जीआईसी तक वाहनों की एक किमी लंबी कतार लगी रहती है। पार्किंग बनने की वित्तीय स्वीकृति मिलने से इस समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। वित्तीय स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है। संवाद