पिथौरागढ़ के नैनीसैनी क्षेत्र में अभियान चलाते पालिका ईओ और अन्य। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी दीपक गोस्वामी ने स्वयं कूड़ा उठाकर नगर को स्वच्छ बनाने का संदेश जनता को दिया। उन्होंने पर्यावरण मित्रों के साथ मिलकर शहर की गंदगी को साफ किया। उन्होंने कहा कि यदि लोग पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझकर सूखा और गीला कूड़ा अलग-अलग एकत्र करना शुरू करते हैं, तो इस प्रकार के अभियानों की आवश्यकता ही नहीं होगी और शहर खुद साफ रहेगा।
बृहस्पतिवार को पालिका के ईओ दीपक गोस्वामी ने पॉलीथिन सफाई अभियान चलाया। उन्होंने धारचूला मार्ग पर नैनीपातल के निकट सड़क किनारे फेंकीं पॉलीथिन सहित करीब 150 किलो कूड़ा एकत्र किया। ईओ ने बताया कि ये क्षेत्र पालिका के अधीन नहीं है लेकिन इस स्थान पर नगर का कूड़ा एकत्र कर डंप किया जाता है, जिसे देखते हुए स्वच्छता अभियान चलाया गया। सफाई के दौरान लोगों की लापरवाही से फेंकी गईं शराब की बोतलों के चलते कई स्वच्छता कर्मी चोटिल भी हुए। टूटीं बोतलों के चलते उनके हाथों में कांच चुभ गए। इस दौरान उत्तराखंड पारंपरिक उत्थान समिति के अध्यक्ष राम सिंह, सफाई नायक विकास कुमार, रोहिताश कुमार, रिंकू राजपूत, पर्यावरण मित्र आदि थे
लोनिवि ने सड़क किनारे से हटाने लगी प्लास्टिक
चंपावत। प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट अधिनियम 2016 के नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन किए जाने को लेकर वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के निर्देश पर सिंगल प्लास्टिक यूज पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके बाद डीएम विनीत तोमर ने सड़क निर्माण की सभी कार्यदायी एजेंसियों को 15 दिनों के भीतर सड़कों में फैले प्लास्टिक के कूड़े और कचरे के निस्तारण के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में लोनिवि की ओर से विभिन्न सड़कों में साफ सफाई अभियान शुरू कर दिया है। विभाग के ईई एमसी पांडेय ने बताया कि पहले चरण में चंपावत-मंच-तामली, चंपावत-खेतीखान और चंपावत-गौड़ी-किमतोली मोटर मार्ग से प्लास्टिक हटाने का कार्य शुरू किया गया है।