कॉलेज में शुरू हो गई सेमेस्टर परीक्षाएं
- फोटो : अमर उजाला
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार से सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। सुबह 10 से अपराह्न 1 बजे तक पहली पाली में 230 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। पहली पाली में एमएससी और एमकॉम के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा हो रही है, जबकि दूसरी पाली में 296 परीक्षार्थी शामिल हुए। दूसरी पाली में एमए प्रथम सेमेस्टर के परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया।
कॉलेज के प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने बताया कि परीक्षा संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के संचालन के लिए कई प्राध्यापकों की ड्यूटी लगाई गई है। इस बार कॉलेज के एक हिस्से को प्रशासन ने स्ट्रांग रूम और सुरक्षा बलों के आवास के लिए अपने कब्जे में ले रखा है।
इस कारण परीक्षा के लिए कॉलेज परिसर में स्थित अन्य भवनों में व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि दो पालियों की परीक्षा के लिए पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है। इधर, उड़नदस्ता टीम के प्रमुख डॉ. अजय शुक्ल ने सभी कक्षों का निरीक्षण किया। परीक्षा हाल में मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। सभी परीक्षार्थियों की गहन चेकिंग की गई।