कुमाऊं मंडल विकास निगम ने कैलाश मानसरोवर पैदल यात्रा मार्ग पर स्थित पड़ावों में कुछ और हट्स के निर्माण का फैसला लिया है। वर्ष 2016 की यात्रा शुरू होने से पहले गुंजी, सिर्खा और गाला में दो दो हट्स तैयार कर लिए गए थे। इस बार बूंदी, नाभीढांग में भी दो-दो हट्स बनकर तैयार हो गए हैं। इन हट्स को यात्रा शुरू होते ही चालू कर दिया जाएगा। कुछ और पड़ावों में भी हट्स का निर्माण किया जाएगा।
कैलाश मानसरोवर यात्रियों के साथ पोनी, पोर्टर्स सामान लेकर चलते हैं। केएमवीएन के पड़ावों में ज्यादा लोगों के रहने लायक क्षमता न होने के कारण पोनी, पोर्टर्स के सामने आवास की समस्या आ जाती थी। इस समस्या का समाधान करने के लिए निगम ने हट्स का निर्माण किया है। केएमवीएन के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने बताया कि इस बार भी कम से कम दो पड़ावों में हट्स तैयार किए जाएंगे। ताकि पोनी, पोर्टर्स को आवास संबंधी कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने बताया कि इस साल की यात्रा में यात्रियों के किराए में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है लेकिन निगम यात्रियों को और बेहतर सेवाएं देने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार भी हर यात्रा से पांच हजार रुपए पंजीकरण शुल्क और 35 हजार रुपए आवास और भोजन के लिए जाएंगे। पिछले साल भी यात्रियों से इतनी ही रकम ली गई थी। यात्रा पड़ावों में भोजन का स्तर सुधारने, साफ बिस्तर उपलब्ध कराने के लिए पहले से ही रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
ऑनलाइन बुकिंग 15 मार्च तक
कैलाश मानसरोवर की यात्रा पर जाने के इच्छुक लोग 15 मार्च तक ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इस बार शुल्क का भुगतान भी ऑनलाइन ही किया जा रहा है। केेमवीएन के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने बताया कि 15 मार्च के बाद ही पता चलेगा कि कितने लोग इस बार यात्रा के लिए आवेदन करते हैं।
रेकी टीम अप्रैल में जाएगी
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर स्थित पड़ावों की स्थिति का जायजा लेने के लिए केएमवीएन की रेकी टीम अप्रैल में दौरा करेगी। बारिश और बर्फबारी से हर साल पड़ावों को नुकसान पहुंचता है। यात्रा शुरू होने से पहले पड़ावों की मरम्मत की जाती है। महाप्रबंधक ने बताया कि अप्रैल प्रथम सप्ताह में टीम को भेजा जाएगा।