डीडीहाट के अम्बेडकर वार्ड में नलों से पानी का इंतजार करते उपभोक्ता।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। पूर्व पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल के विधानसभा क्षेत्र में पेयजल का संकट गहराने लगा है। जल निगम के थल-डीडीहाट पेयजल योजना से जल संस्थानों के मुख्य टैंकों को जोड़ने वाले संयोजन को काटने से बृहस्पतिवार को नगर की आधी आबादी दो दिन से पानी के लिए तरस गई है। अस्पताल, एसडीएम और न्यायिक मजिस्ट्रेट आवास में पानी के लिए अधिकारी भी तरस गए हैं। आंबेडकर वार्ड, तहसील वार्ड और शिव मंदिर वार्ड के 250 उपभोक्ताओं के कनेक्शनों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई है।
थल के रामगंगा नदी से डीडीहाट के लिए बनाई गई पेयजल योजना जल संस्थान को हस्तांतरित नहीं हो सकी। इस कारण जल निगम ने बृहस्पतिवार को जल संस्थान के उन सभी टैंकों के संयोजन काट दिए जो कुछ माह पूर्व थल-डीडीहाट पेयजल योजना से जोड़े गए थे। संयोजन काटे जाने से जल संस्थान के मुख्य टैंकों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई। बृहस्पतिवार और शुक्रवार सुबह जल संस्थान ने अपने रिजर्व टैंक से नगर में पानी की व्यवस्था की लेकिन रिजर्व टैंक में भी पानी खत्म होते ही नगर के 250 कनेक्शनों में भी पानी की आपूर्ति बंद हो गई। एसडीएम आवास, न्यायिक मजिस्ट्रेट आवास, अस्पताल जैसे मुख्य स्थानों में भी दो दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित हो गई है। इसके चलते लोग पानी के लिए तरस गए हैं।
डीडीहाट में पेयजल संकट के संबंध में एसडीएम डीडीहाट को जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों के बीच बैठक कर मामले को सुलझाने और जल निगम को थल डीडीहाट पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति पूर्व की तरह जल संस्थान को देने के निर्देश दिए हैं। - डॉ. आशीष चौहान, डीएम, पिथौरागढ़।