धारचूला (पिथौरागढ़)। रांथी सड़क पर पहाड़ी से बोल्डर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उनकी मौत से परिजनों में कोहराम है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
जानकारी के मुताबिक, रांथी निवासी बीर सिंह (55) पुत्र दलीप सिंह बीते शनिवार को धारचूला बाजार आए हुए थे। देर शाम को वह बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रांथी सड़क पर कुरखेती के पास अचानक पहाड़ी से बोल्डर गिर गए, जिसकी चपेट में आने से बीर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम प्रधान हरीश सिंह धामी ने बताया कि शव को उप जिला चिकित्सालय धारचूला लाया गया, जहां उसका पोस्टमार्टम हुआ। प्रधान ने बताया कि आए दिन इस सड़क पर पहाड़ी से बोल्डर गिर रहे हैं, जिन्हें रोकने के उपाय नहीं किए जा रहे हैं। संबंधित विभाग और प्रशासन की लापरवाही से शनिवार को एक ग्रामीण की जान चली गई। ग्राम प्रधान और अन्य ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।