झूलाघाट/धारचूला/टनकपुर/खटीमा। नेपाल के मधेस प्रांत में सांप्रदायिक तनाव के बीच भारत-नेपाल सीमा से लगे उत्तराखंड के जिलों में सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है। पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के सीमांत क्षेत्रों में पुलिस और सुरक्षा बलों ने निगरानी बढ़ा दी है। हालांकि तीनों जिलों में स्थिति सामान्य है और सीमा पर नागरिकों की आवाजाही पर कोई विशेष असर नहीं पड़ा है।
पिथौरागढ़ के झूलाघाट और धारचूला सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। नेपाल के बैतड़ी जिले के डीएसपी दीपक राय ने बताया कि उनके क्षेत्र में सांप्रदायिक हिंसा का कोई प्रभाव नहीं है लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर जवानों को सतर्क किया गया है। सीमा से आने-जाने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच की जा रही है।
एसएसबी 55वीं बटालियन के सूत्रों के अनुसार झूला पुल और काली नदी से लगे क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात कर निगरानी और कांबिंग की जा रही है। धारचूला कोतवाल एके सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में पुलिस सतर्क है और आसपास के इलाकों में फिलहाल कोई असामान्य स्थिति सामने नहीं आई है।
चंपावत के टनकपुर और बनबसा सीमा क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सीओ टनकपुर निहारिका सेमवाल ने बताया कि दोनों क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही सामान्य है और जनजीवन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। संवेदनशील गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
ऊधमसिंह नगर के सीमांत थाने अलर्ट
रुद्रपुर। नेपाल में तनाव के मद्देनजर ऊधम सिंह नगर के भारत-नेपाल सीमा से लगे थाना क्षेत्रों में भी एहतियातन अलर्ट जारी किया गया है। खटीमा, सितारगंज और आसपास के सीमांत क्षेत्रों में पुलिस को संदिग्ध लोगों और वाहनों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीमा पर आने-जाने वालों की जांच बढ़ाई गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नेपाल में चल रहे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखी जा रही है। खुफिया एजेंसियों के साथ समन्वय कर सीमा क्षेत्र की गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
सीमावर्ती पुलिस चौकियों-थानों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सतर्कता बरती जा रही है। -अक्षय प्रह्लाद कोंडे, एसपी, पिथौरागढ़
-
नेपाल से सटे सीमांत थाना क्षेत्रों में एहतियातन अलर्ट जारी किया गया है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। लोगों से अपील है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। -अजय गणपति, एसएसपी, ऊधमसिंह नगर