पांगरसैंण-तोमिक मोटर मार्ग में कीचड़ में फंसा वाहन।
पिथौरागढ़। मुनस्यारी विकासखंड के पांगरसैंण-तोमिक मोटर मार्ग में हल्की बारिश होने पर वाहन कीचड़ में फंस रहे हैं। सड़क में जगह-जगह कीचड़ की समस्या के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यूथ कांग्रेस ने पीएमजीएसवाई से सड़क का शीघ्र सुधार करने की मांग की है।
यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने बताया कि पांगरसैंण से तोमिक तक सड़क बदहाल पड़ी है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश में भी कीचड़ की समस्या पैदा हो जाती है। आए दिन यात्री जीप सहित अन्य वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं। उन्होंने बताया कि वाहन को कीचड़ से निकालने के लिए दूसरे वाहन को मंगाना पड़ता है। किसी के बीमार होने या अन्य किसी आपात स्थिति में समय से मरीज को अस्पताल पहुंचा पाना संभव नहीं है। उन्होंने पीएमजीएसवाई से शीघ्र कीचड़ वाले स्थानों पर सड़क का सुधार करने की मांग की है।