फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: बारिश से मदकोट-बोना मोटर मार्ग बंद, कई इलाकों में हुआ जल भराव

Sun, 30 Jun 2024 10:58 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
मलबा आने से बंद मदकोट-बोना मोटर मार्ग। संवाद
विज्ञापन
मुनस्यारी/पिथौरागढ़/बनबसा/टनकपुर/चंपावत। मानसूनी बारिश शुरू होते ही चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कई मार्गों पर मलबा आने से लोगों को परेशानी हो रही है। मुनस्यारी का मदकोट-बोना मार्ग भारी बारिश से बंद हो गया है। कई इलाकों में जल भराव से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। पिथौरागढ़-चंपावत एनएच पर कई स्थानों पर पेड़ लटके होने से दुर्घटनाओं का खतरा बना है। मार्ग बंद होने से ग्रामीणों का आवागमन बाधित हुआ है। प्रशासन की ओर से मार्गों को खोलने के लिए कई स्थानों पर जेसीबी लगाई गई है।
विज्ञापन

मूसलाधार बारिश से मदकोट-बोना मोटर मार्ग बंद हो गया है। इसके चलते वाहनों का संचालन ठप रहा और लोगों को पैदल आवागमन करना पड़ा। शनिवार रात हुई बारिश से मदकोट-बोना मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा आ गया। जगह-जगह मलबा आने से वाहनों का संचालन नहीं हो सका। लोगों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ी। क्षेत्रवासियों ने पीएमजीएसवाई से शीघ्र बंद पड़े मोटर मार्ग को खोलने के लिए क्षेत्र में एक जेसीबी तैनात रखने की मांग की है।
टनकपुर में मानसूनी बारिश का क्रम जारी है। इससे पूर्णागिरि मार्ग में किरौड़ा और बाटनागाड़ में हल्का पानी और मलबा भी रुक-रुककर आ रहा है। रविवार को बाटनागाड़ में हल्का मलबा और पानी आता रहा। इस पर लोनिवि की जेसीबी दिन भर मलबा हटाने में जुटी रही। बताया गया कि पहाड़ और क्षेत्र में जैसे जैसे बरसात का क्रम तेज हो रहा है, दोनों जगह पानी और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। बटनागाड़ में जेसीबी तैनात है। तल्ली छीनी और मल्ली छीनी में सड़क पर जल भराव से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल भराव वाले स्थान पर आरबीएम भरने और ह्यूम पाइप डलवाने की मांग की है। भाजपा के पूर्व मंडल महामंत्री मुकेश जोशी ने बताया कि तल्ली छीनी के साथ ही मल्ली छीनी में इंजीनियरिंग कालेज के पास मार्ग में जल भराव से कुछ परिवारों को दिक्कत आ रही है।
विज्ञापन

चंपावत में एनएच पर जगह-जगह एक दर्जन से अधिक पेड़ खतरा बने हैं। जड़ से उखड़ चुके कुछ पेड़ पहाड़ी से नीचे एनएच पर लटके हैं। यह कभी भी गिर सकते हैं। जिले में हो रही बारिश के कारण इन पेड़ों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। मानेश्वर व्यू प्वाइंट तक एक दर्जन से अधिक पेड़ जड़ से उखड़कर पहाड़ पर लटक रहे हैं। सैलानी त्रिलोक सिंह और लक्ष्मण नाथ ने बताया कि वह अक्सर लोहाघाट घूमने के लिए दोपहिया वाहन से जाते हैं, लेकिन एनएच पर पहाड़ी से नीचे लटके पेड़ों के कारण वाहन चलाना आसान नहीं हो रहा है। एनएच के अधिकारी ने बताया कि खतरा बने पेड़ों को चिह्नित कर लिया गया है। जल्द ही इनका निस्तारण किया जाएगा।



बनबसा के आंबेडकर ग्राम फागपुर में वाल्मीकि मंदिर के निकट से ग्रामीण संपर्क मार्ग पर बरसात से जलभराव के बाद वहां से अवागमन दूभर हो जाता है। जरा सी बरसात में वहां जलभराव होने से वहां आवागमन मार्ग तालाब में बदल जाता है। ग्रामीणों ने शासन प्रशासन से वाल्मीकि मंदिर क्षेत्र में आरबीएम बिछा आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है। प्रधान हर्ष बहादुर चंद, उपप्रधान खुशाल राम, पूर्व प्रधान गीता देवी, चंद्र प्रकाश, पूर्व उपप्रधान अनोखे लाल, हेमंत प्रसाद, मदन सिंह सामंत, कैप्टन अमर सिंह, कैप्टन टीआर आर्या, सूबेदार नरेंद्र गोवाड़ी आदि ने आंबेडकर ग्राम में वाल्मीकि मंदिर के निकट आरबीएम डलवाने की मांग की है। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें