टनकपुर (चंपावत)। त्रिवेणी एक्सप्रेस के विकलांग डिब्बे में सोमवार देर शाम एक करीब 32 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ट्रेन यात्रियों को उतारने के बाद धुलाई के लिए वॉशिंग यार्ड में लगाई गई थी, तभी शव बरामद हुआ।
जीआरपी के उपनिरीक्षक रमेश गिरि ने बताया कि ट्रेन सोमवार शाम स्टेशन पहुंची थी। यात्रियों के उतरने के बाद इसे पिट लाइन संख्या छह वॉशिंग यार्ड में ले जाया गया। धुलाई के दौरान विकलांग डिब्बे में यह शव मिला। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवा दिया है। मृतक ने सफेद-काले रंग की चेकदार शर्ट और काला पजामा पहना था। आसपास के थानों को सूचना भेजकर शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच की जा रही है।