पिथौरागढ़ में मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते जिला निर्वाचन अधिकारी।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष कुमार चौहान ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2022 को देखते हुए विभिन्न मतदान केद्रों (बूथों) का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी ली। साथ ही उन्होंने मतदाता जागरूकता अभियान के तहत ईवीएम के माध्यम से मतदाताओं को दिए जा प्रशिक्षण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने इंटर कालेज सातसिलिंग, प्राथमिक विद्यालय घुनसेरा गांव, तहसील और राजकीय इंटर कॉलेज मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ की ओर से किए जा रहे भौतिक सत्यापन, बूथों का निरीक्षण और आधारभूत सुविधाओं के साथ ही आम मतदाताओं को दिए जा रहे ईवीएम, वीवीपैट प्रशिक्षण का जायजा लिया। सातसिलिंग इंटर कॉलेज में दोनों बूथों के निरीक्षण के दौरान सभी न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध पाई गईं।
उन्होंने मध्याह्न भोजन सहित आधारभूत सुविधाओं की भी जानकारी ली। प्राथमिक विद्यालय घुनसेरागांव बूथ के निरीक्षण के दौरान डीएम ने बीएलओ को विद्यालय में रैंप निर्माण के अतिरिक्त आवश्यक व्यवस्थाओं के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राइंका सातसिलिंग की प्रधानाचार्या आशा बोहरा, प्रबंधक बसंत जोशी, मास्टर ट्रेनर राजकीय पॉलिटेक्निक के लक्ष्मण सिंह मर्तोलिया, केएम पांडेय, बीएलओ मंजू रौतेला, पूजा सैल आदि थे।