मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। यूथ हॉस्टल संघ इंडिया की ओर से आयोजित खलिया टॉप- रूरखान ट्रैक का दूसरा दल रवाना हुआ। 10 दिवसीय ट्रैकिंग में 17 राज्यों के 300 ट्रैकर हिस्सा लेंगे जो 3400 मीटर की ऊंचाई तक जाएंगे।
मंगलवार को ट्रेकिंग के दूसरे दल को जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। विभिन्न राज्यों से पहुंचे ट्रैकर उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित मुनस्यारी को लेकर उत्साह देखने को मिला। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य मर्तोलिया ने कहा कि आने वाले समय में ट्रैकर एक पौध लगाकर इस अभियान को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग के बाद इन ट्रैकरों से मुनस्यारी के पर्यटन विकास के बारे में सुझाव और शिकायत के रूप में संवाद के माध्यम से जानकारी ली जाएगी। उन्होंने यूथ हॉस्टल का आभार जताते हुए कहा कि हिमालय के क्षेत्र को ट्रैकिंग के लिए चुना। इस मौके पर यूथ हॉस्टल से अपील की गई कि सीमा क्षेत्र में रहने वाले बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास के लिए अपना न्यूनतम योगदान देने के लिए भी आगे आएं। हिमालय क्षेत्र के पर्यावरण को बचाने के लिए उनके सुझाव भी आमंत्रित किए गए।
मर्तोलिया ने नए ट्रैकिंग रूटों का चयन करने के लिए यूथ हॉस्टल को आगे आने का न्योता भी दिया। ट्रैक 10 दिन तक चलेगा इस प्रोग्राम में 300 लोग भाग ले रहे हैं। इनके बेस कैंप मरतोली, रूरखान में होगा। एक दल को ट्रेकिंग में तीन दिन का समय लगेगा। यूथ हॉस्टल ट्रेकरों को स्थानीय उत्पादों को खरीदने के लिए भी प्रोत्साहित करेगा। भारत के 17 राज्यों के प्रतिभागी इसमें भाग ले रहे हैं। जिसमें दिल्ली, राजस्थान, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब सहित कई राज्यों के लोग हैं। इस मौके पर यूथ हॉस्टल के विजय पाल, ऐसी अटल, राकेश तिवारी मौजूद रहे।
हर ग्रुप करेगा 28 किमी ट्रैक
मुनस्यारी(पिथौरागढ़)। ट्रैकिंग के लिए आने वाला हर ग्रुप 28 किमी का ट्रैक करेगा और 3400 मीटर की ऊंचाई तक जाएगा। ट्रैकिंग के शुरू होने से स्थानीय पोर्टर, पोनी, गाइड, होटल स्वामियों को भी रोजगार मिलेगा। संवाद