पिथौरागढ़ में शहीद स्मारक के उखड़े टाइल्स
- फोटो : अमर उजाला
लाखों की लागत से बने शहीद स्मारक पर लगे टाइल्स काम पूरा होने से पहले ही गिर गए। स्मारक पर लगाए गए कई पत्थरों की कील भी गायब हो गई हैं। देश पर मर मिटने वाले जवानों के स्मारक पर भी इस तरह के घटिया निर्माण से कार्यदायी संस्थाओं की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है।
तीन वर्ष पहले नगर के उल्का देवी मंदिर परिसर में पुराने शहीद स्मारक के स्थान पर नया स्मारक का प्रस्ताव तैयार किया गया। इसके लिए शासन से 20 लाख रुपये स्वीकृत हुए। निर्माणदायी संस्था लोनिवि ने दो वर्ष पहले उल्का देवी मंदिर परिसर में पुराने शहीद स्मारक के स्थान पर नया स्मारक बनाया। शहीद स्मारक स्थल पर अलग-अलग दस पीलर बनाए गए, जबकि स्मारक स्थल का फर्श तक पक्का नहीं किया गया।
कंक्रीट के पीलरों के बाहर फ्रंट साइड में शहीदों का नाम अंकित करने के लिए संगमरमर का काला पत्थर लगाया गया, जबकि स्मारक के पीछे और अगल-बगल लाल रंग की टाइल्स लगाई गई। स्मारक के पत्थरों पर सभी शहीदों के नाम भी अभी पूरे अंकित नहीं हुए हैं, जबकि तीन पीलरों की कई टाइल्स गिर चुकी हैं। स्मारक के पीछे लगाई गई बड़ी टाइल्स को रोकने के लिए लगाई गई कील भी गायब हैं।
शहीद स्मारक के लिए शासन से 20 लाख रुपये की धनराशि मिली थी। स्मारक के निर्माण में 15.7 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। 4.3 लाख की धनराशि शेष है। स्मारक का शेष कार्य करने के लिए 20 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा है। स्मारक के टाइल्स गिरने की जानकारी नहीं है। आज ही मौके पर जाकर देखा जाएगा।
-नवीन जोशी, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग