जौलजीबी मेले में तिब्बती सामान की दुकान (फाइल फोटो)।
- फोटो : अमर उजाला
तिब्बत की मंडी तकलाकोट से लाए गए सामान पर इस बार जीएसटी और आईजीएसटी (अंतरराष्ट्रीय वस्तु सेवा कर) लग जाने से इसकी कीमत बढ़ जाएगी। तिब्बत की मंडी से लाया गया ज्यादातर सामान जौलजीबी मेले में बिकने को आता है। जौलजीबी मेला 14 नवंबर से शुरू होगा। तिब्बत की मंडी से इस बार व्यापारी कच्चा ऊन, जैकेट, कंबल, जूते, स्वेटर, गरम पायजामा, टॉफी आदि सामग्री लेकर आए हैं।
बताया गया है कि तिब्बत से लाए गए हर सामान पर कम से कम 10 प्रतिशत आईजीएसटी और 18 प्रतिशत तक जीएसटी लग रहा है। व्यापारियों ने आयात किए गए सारे सामान की सूची कस्टम विभाग को सौंप दी है। तिब्बत की मंडी से इस बार आयात ज्यादा हुआ है। इस कारण व्यापारियों को टैक्स भी ज्यादा देना पड़ेगा। अभी सामान का आकलन पूरा नहीं हुआ है। इस कारण टैक्स का निर्धारण भी नहीं हो पाया है।
स्थानीय अधिकारियों को जीएसटी और आईजीएसटी के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। इस कारण वह कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं है। अलबत्ता तहसील के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पीएस कुटियाल का कहना है कि नियमानुसार हर व्यापारी को जीएसटी और आईजीएसटी की राशि भरनी पड़ेगी। तिब्बत की मंडी रवाना होने से पहले व्यापारियों ने जीएसटी का पंजीकरण कर दिया था। तिब्बत व्यापार से लौटे दिनेश गुंज्याल और चकर सिंह गर्ब्याल ने बताया कि कस्टम विभाग को सामान का प्रपत्र भरकर दे दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस बार टैक्स की मार ज्यादा पड़ेगी। पिछले वर्ष तक व्यापारी कस्टम शुल्क ही अदा करते थे। यह राशि दस फीसदी से अधिक नहीं होती थी।
जौलजीबी मेले का मुख्य आकर्षण तिब्बती सामान की ही बिक्री होती है। तिब्बत से लाया जाने वाला यह सामान अच्छी श्रेणी और कम कीमत का होता है। इस बार कीमत बढ़ने की संभावना के कारण बिक्री पर असर पड़ सकता है। हालांकि व्यापारियों का कहना है कि सामान की कीमतों में बहुत ज्यादा अंतर नहीं आएगा।
सात करोड़ से ज्यादा का सामान आयात
पिथौरागढ़। सीमांत के 78 व्यापारी और 87 सहायक इस बार तिब्बत की मंडी गए थे। इन व्यापारियों ने 7 करोड़ 34 लाख 49 हजार रुपये के सामान का आयात किया और 85 लाख 46 हजार रुपये मूल्य का सामान निर्यात किया गया। तिब्बत की मंडी से लाया गया सामान पहले गुंजी में रखा जाता है। वहां से थोड़ा थोड़ा कर सामान को धारचूला और जौलजीबी पहुंचाया जाता है। अभी तक कुछ सामान धारचूला पहुंच चुका है। 10 नवंबर तक पूरा सामान पहुंच जाएगा।