नाचनी (पिथौरागढ़)। नाचनी में तीन दिवसीय बांसबगड़ वसंतोत्सव का कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ। मेले में शामिल होने नाचनी सहित जिले विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचे।
शुक्रवार को तीन दिवसीय बांसबगड़वसंतोत्सव का उद्घाटन पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया। मेले के शुभारंभ से पूर्व महिलाओं ने क्षेत्र में कलश यात्रा निकाली। बांसबगड मेले में पहुंचने पर हरीश रावत का ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं से स्वागत किया गया। रावत ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र में वसंतोत्सव जैसे सांस्कृतिक मेले का आयोजन सराहनीय प्रयास है। उन्होंने आयोजकों की इस पहल की सराहना की। उन्होंने मेले में लगे व्यापारिक स्टालों का निरीक्षण किया और नाचनी में नव निर्मित बहुउद्देश्यीय भवन का लोकार्पण किया। आयोजक मंडल के अध्यक्ष दीपक जोशी, देवेश कुमार, जगदीश जोशी, मानसी बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में विधायक हरीश धामी, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, डीडीहाट कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोहर टोलिया, ब्लाक प्रमुख कविता महर, पूर्व प्रमुख कुंदन बथियाल, विक्रम दानू, जगत बिर्थवाल, जगदीश बथियाल, लालू बथियाल मौजूद रहे।