पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई अड्डे पर बड़े विमानों की लैंडिंग के लिए रन-वे की चौड़ाई को बढ़ाया जाएगा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 26 जनवरी से नियमित हवाई सेवा शुरू करने का आश्वासन दिया है। इसलिए तेज गति से निर्माण कार्य कराए जा रहे है। रन-वे की चौड़ाई बढ़ने से एक बार फिर सीमांत के लोगों में नियमित हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।
वर्ष 2014-15 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने नैनीसैनी हवाई अड्डे का विस्तार किया था। इसमें रन-वे की लंबाई को 700 मीटर से बढ़ाकर 1600 मीटर किया गया था। बड़े विमानों की लैंडिंग के लिए रन-वे की चौड़ाई कम होने के कारण दिक्कतें हो रही थीं। अब इसे देखते हुए रन-वे की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है। रन-वे की चौड़ाई को 15 मीटर से बढ़ाकर 60 मीटर किया जा रहा है। इस कार्य में 70.18 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा पुरानी हो चुकी टर्मिनल भवन की छत को भी 51.80 लाख रुपये की लागत से सुधारा जाएगा। इसके अलावा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन की छत को भी बदला जाएगा। टर्मिनल की फॉल सिलिंग को भी बदला जाएगा। साथ ही विंड डायरेक्शन पोल की नींव को बनाया बनाया जाएगा। इस कार्य में 12.89 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
क्रैश गेट का भी होगा निर्माण
पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई अड्डे पर 12.89 लाख रुपये की लागत से क्रैश गेट का भी निर्माण किया जाएग। कोई दुर्घटना या हादसा होने पर बचाव वाहन दल इस गेट को तोड़कर आसानी से बचाव कार्य के लिए जा सकेंगे। संवाद
रिपोर्ट सकारात्मक मिली तो जल्द शुरू हो सकती है हवाई सेवा
पिथौरागढ़। कुछ दिन पूर्व एयर लाइन एयरबेस की टीम ने नैनीसैनी हवाई अड्डे का निरीक्षण किया था। एयरलाइन एयरबेस की रिपोर्ट अगर सकारात्मक आ जाएगी तो नियमित हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद बढ़ जाएगी। अगर नियमित हवाई सेवा शुरू हो गई तो सीमांत में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेगी। संवाद
कोट
नैनीसैनी हवाई अड्डे की चौड़ाई को बढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द ही कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिन स्थानों पर रन-वे की चौड़ाई कम है। उन स्थानों पर कार्य किया जा रहा है। - नीरज ओली, सहायक अभियंता आरडब्लूडी पिथौरागढ़।