पिथौरागढ़। ईंधन की कीमत बढ़ने से लोगों के सपनों का घर बनाने की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया है। निर्माण सामग्री महंगी होने से लोगों को काम रोकना पड़ा है, इससे कारोबारी भी परेशान हैं। निर्माण सामग्री की कीमत बढ़ने से इसका सीधा असर कारोबार पर पड़ रहा है।
ईंधन की कीमत बढ़ने से भाड़ा बढ़ा तो सीमांत जिले में निर्माण सामग्री महंगी हो गई है। पूर्व में 310 रुपये में मिलने वाला सीमेंट का कट्टा अब 330 में मिल रहा है। सरिया की कीमत भी 150 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गई है। 5,950 रुपये से बढ़कर सरिया की कीमत 6,100 रुपये पहुंच गई है। रेत, रोड़ी की कीमत में भी 25 रुपये प्रति कट्टा उछाल आया है। कारोबारियों के मुताबिक सामग्री महंगी होने से लोगों ने निर्माण कार्य रोक दिया है इससे कारोबार मंदा पड़ गया है। दुकानों में निर्माण सामग्री डंप होने से कारोबारी परेशान हैं। हार्डवेयर कारोबारी संतोष चंद, बसंत भट्ट ने कहा कि अब लोग मानसूनकाल में निर्माण सामग्री की कीमत घटने का इंतजार कर रहे हैं। ईंधन महंगा होने से कंपनियों ने भी निर्माण सामग्री की कीमत बढ़ानी पड़ी है। ऐसे में इनकी कीमत घटने की उम्मीद कम है।
ईंट के दाम भी 30 से 50 पैसे बढ़े
कारोबारियों के मुताबिक ईंट के दाम में भी 30 से 50 पैसे तक उछाल आया है। पूर्व में 5.80 रुपये में मिलने वाली ईंट की कीमत 6.50 रुपये पहुंच गई है। ईंट के दाम उसकी गुणवत्ता पर निर्भर करते हैं। हर गुणवत्ता की ईंट के दाम बढ़ने से कारोबार प्रभावित हो रहा है।