थल में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते पद्मश्री डा. अनिल जोशी
- फोटो : अमर उजाला
गांव बचाओ यात्रा के दौरान शुक्रवार को बेड़ीनाग और थल में हुई नुक्कड़ सभाओं में पद्मश्री डा. अनिल जोशी ने कहा कि जनता को इस बार नेताओं से 16 साल का हिसाब मांगना होगा। उन्होंने लोगों से विधानसभा चुनाव में मतदान के समय दलगत भावना और भाई-भतीजावाद से ऊपर उठने की अपील की।
बेड़ीनाग की जमीन में काबिज लोगों को अब तक मालिकाना हक नहीं मिलने पर डा. अनिल जोशी ने कहा कि एक तरफ सरकार नानीसार समेत अन्य स्थानों की जमीन पूंजीपतियों को सौंप रही है। दूसरी तरफ वह काबिज लोगों को जमीन का हक देने में कतरा रही है। बेड़ीनाग की चाय को खत्म करने में सरकार का ही हाथ है। नए भूमि बंदोबस्त और वन कानून से पहाड़ के गांवों की स्थिति ज्यादा गड़बड़ाई है। पहाड़ के लोगों के पास जमीन ही नहीं होगी तो वह अपनी सभ्यता और संस्कृति को भी नहीं बचा पाएंगे।
थल में हुई सभा में डा. जोशी ने कहा कि सरकार ने गांवों को बचाने और बसाने के लिए सिर्फ नारा दिया। कोई ऐसी योजना तैयार नहीं की, जिससे लोग गांवों को लौट सकें। सरकार अपने संस्थानों को खोलने के लिए लोगों की नाप जमीन मांगती आई है। यह अन्याय है। यदि कहीं स्कूल, अस्पताल खुलता है तो सरकार अपनी जमीन इनके लिए क्यों नहीं देती। वन्य जीवों से फसलों को नुकसान हो रहा है। सरकार बताए कि जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए क्या किया। लोगों से अपील की कि वह इस बार के विधानसभा चुनाव के समय यही सवाल राजनीतिक दलों से करें और पूछें कि राज्य गठन के 16 साल में पहाड़ को बचाने के लिए क्या कदम उठाए। इस दौरान ईश्वर जोशी, द्वारिका सेमवाल, डा. हिमानी पुरोहित, सतेंद्र, अनीता, शालिनी, प्रमोद, विकास आदि मौजूद थे।
आज पिथौरागढ़ पहुंचेगी यात्रा
पिथौरागढ़। गांव बचाओ यात्रा शनिवार को पिथौरागढ़ नगर में पहुंचेगी। सभा से पहले नगर में जुलूस निकाला जाएगा। यात्रा के साथ चल रहे ईश्वर जोशी ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए यह यात्रा की जा रही है। इसका लोगों पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि गांव बचाओ यात्रा की सभा में आसपास के गांव के लोग भी शामिल होंगे।